रांची | 20 नवंबर 2026
Jharkhand Electricity News: चक्रवाती तूफान अकवान के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने की तैयारी तेज कर दी है। तूफान के दौरान तेज हवा और बारिश से बिजली के तारों, ट्रांसफार्मरों और फीडरों को नुकसान पहुंचने की आशंका को देखते हुए निगम ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने को कहा है।
ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी सह JBVNL के प्रबंध निदेशक के. श्रीनिवासन ने अधिकारियों को बिजली व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और किसी भी तकनीकी खराबी पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
33 और 11 केवी फीडरों की होगी नियमित निगरानी
निगम की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, 33 केवी और 11 केवी फीडरों के साथ ट्रांसफार्मरों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। कहीं भी तकनीकी खराबी आने पर मरम्मत का काम जल्द शुरू करने को कहा गया है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में बहाली का काम तेजी से पूरा किया जा सके, इसके लिए अतिरिक्त वाहन, कर्मचारी और जरूरी उपकरण तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सबस्टेशनों में मौजूद रहेंगे बिजली अभियंता
आंधी और बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सहायक विद्युत अभियंताओं और कनीय विद्युत अभियंताओं को अपने-अपने कार्यक्षेत्र के सबस्टेशनों में उपस्थित रहने को कहा गया है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि फील्ड में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या सामने आने पर तुरंत कार्रवाई करें। मरम्मत और आपूर्ति बहाली के बीच अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
मरम्मत के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा पर जोर
JBVNL ने बिजलीकर्मियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है। निगम ने निर्देश दिया है कि ब्रेकडाउन या अन्य तकनीकी खराबी ठीक करते समय कर्मचारी निर्धारित सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।
खराब मौसम में बिजली के तारों और उपकरणों के पास काम करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी होगा।
बिजली शिकायत के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
बिजली आपूर्ति बाधित होने या किसी तरह की समस्या की सूचना देने के लिए उपभोक्ता इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
- 1912
- 18003456570
- 9031110121
- 9431135504
- 0651-2710002
- 9431135503
निगम का कहना है कि तूफान के संभावित असर के दौरान बिजली व्यवस्था की निगरानी जारी रहेगी। खराबी की सूचना मिलने पर संबंधित टीमों को मरम्मत और बिजली बहाली के लिए सक्रिय किया जाएगा।
