Monday, April 6, 2026

झारखंड मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के मुर्गी पालन योजना में अनियमितता का मामला सामने आया है.

Share

खूंटी: झारखंड मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के मुर्गी पालन योजना में अनियमितता का मामला सामने आया है. योजना के अनुसार 500 और 400 की जगह लाभुकों को 360 मुर्गी के चूजे मिल रहे हैं. जहां 200 चूजे देना है, वहां 180 चूजे दिए जा रहे हैं. इसे लेकर लाभुकों ने नाराजगी जताई है. मामले में मुखिया ने कहा कि योजना के नाम पर पंचायतों में बांटे जा रहे मुर्गी के चूजों में घोटाला हो रहा है. इस बात की जानकारी जब पशुपालन पदाधिकारी तक पहुंची तो उन्होंने जांच कर कार्रवाई करने का दावा किया

दरअसल, झारखंड मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभार्थी को ब्रायलर मुर्गी पालन योजना के लिए 500 चूजे और बैकयार्ड लेयर कुक्कुट योजना के तहत 400 चूजे देने का लक्ष्य है. चूजों के अलावा दाना और दवाइयां भी दी जानी हैं, लेकिन विभाग द्वारा लाभुकों को कम चूजे बांटे जा रहे हैं. यह मामला खूंटी प्रखंड क्षेत्र के मुरही पंचायत और तिलमा पंचायत क्षेत्र का है. जहां लाभुकों ने कम चूजे मिलने की शिकायत की है.

लाभुकों का कहना है कि उन्हें योजना से जोड़ा गया है, लेकिन उन्हें योजना के अनुरूप चूजों का वितरण नहीं किया गया. लाभुकों ने कहा कि 120 से 180 पीस तक ही चूजे दिए गए हैं. लाभुकों ने इसकी शिकायत की है लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं हुआ है.

मुरही पंचायत के मुखिया भादवा उरांव ने बताया कि विभाग द्वारा पंचायत क्षेत्र में योजना के तहत जनप्रतिनिधियों को बुलाए बगैर ही चूजों का वितरण किया गया है. उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर उन्हें बुलाया गया था, वहां गड़बड़ी नहीं हुई. लेकिन जहां जनप्रतिनिधि नही पहुंचे वैसी जगहों पर योजना में गड़बड़ी की गई है. मुखिया ने कहा कि इस योजना के तहत हुए अनियमितता की जांच और वितरण करने वाली एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.

जांच कर की जाएगी कार्रवाई: पशुपालन पदाधिकारी

वहीं, पशुपालन पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने बताया कि गरीब किसानों को योजना का लाभ दिया जाता है. इस योजना के अनुसार जितने भी लाभुकों को चूजे वितरण किए गए है, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दिया गया है. उन्होंने कहा कि कुछ लाभुकों से शिकायतें मिली हैं, जिसका समाधान किया जा रहा है. साथ ही यदि किसी क्षेत्र में गड़बड़ी हुई है तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी.

Read more

Local News