रांची: झारखंड T20 क्रिकेट लीग 2026 के सातवें दिन के दूसरे मुकाबले में रांची टाइटंस ने धनबाद डायमंड्स पर शानदार जीत दर्ज कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया. JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए दिन के दूसरे मुकाबले में आर्यन हुड्डा और शिखर मोहन की दमदार बल्लेबाजी के दम पर रांची ने 192 रन का बड़ा लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया.
पहले बल्लेबाजी करते हुए धनबाद डायमंड्स ने 191 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए राम रौशन शरण ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 24 गेंदों में 58 रन बनाए. आदित्य सिंह ने 26 और विशेष दत्ता ने 24 रन का योगदान दिया. रांची टाइटंस की ओर से प्रिंस अनुराग मुर्मू सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने चार ओवर में 3/20 विकेट झटके.
कप्तान राजदीप सिंह (2/46) और युवराज कुमार (2/47) ने भी दो-दो विकेट हासिल किए. 192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची टाइटंस की शुरुआत बेहद शानदार रही. ओपनर और प्लेयर ऑफ द मैच आर्यन हुड्डा ने 55 गेंदों में नाबाद 94 रन की शानदार पारी खेली. जबकि शिखर मोहन ने 37 गेंदों में 62 रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी कर जीत की मजबूत नींव रखी. रांची टाइटंस ने 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया और अंक तालिका में नया टेबल टॉपर बन गई.
वहीं, दिन के पहले मुकाबले में संथाल स्ट्राइकर्स ने लीग में शीर्ष पर चल रही कोयलांचल सुपर किंग्स को सात विकेट से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपर किंग्स ने 148/8 रन बनाए, जिसमें शरनदीप सिंह भाटिया ने 58 और रॉबिन मिंज ने 40 रन की पारी खेली. जवाब में विवेक कुमार के 64 और कुमार सूरज के 34 रन की बदौलत संथाल स्ट्राइकर्स ने 18.2 ओवर में 154/3 रन बनाकर जीत हासिल कर ली.
स्ट्राइकर्स के गेंदबाज प्रत्युष कुमार को 3/17 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. अब बुधवार को दिन के पहले मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स और संथाल स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगे. जबकि शाम 6:30 बजे प्राइम टाइम मैच में छोटानागपुर रॉयल्स का सामना कोयलांचल सुपर किंग्स से होगा.


