रांचीः झारखंड कैडर के आईपीएस कुलदीप द्विवेदी को सीबीआई में ज्वाइंट डायरेक्टर बनाया गया है. कुलदीप द्विवेदी झारखंड के कई जिलों सहित एसएसपी रांची के पद पर अपनी सेवा दे चुके हैं.
झारखंड कैडर के तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी कुलदीप द्विवेदी को सीबीआई का संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है. इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है. अधिसूचना के अनुसार सीबीआई के डीआईजी के रूप में कार्यरत कुलदीप द्विवेदी (आईपीएस) को सीबीआई का संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है. कुलदीप द्विवेदी झारखंड कैडर के 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. उनका कार्यकाल 17 जनवरी, 2026 तक रहेगा, जब तक वे पांच वर्ष की प्रतिनियुक्ति अवधि पूरी नहीं कर लेते या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो.
बता दें कि फिलहाल आईपीएस कुलदीप द्विवेदी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं. कुलदीप द्विवेदी राजधानी रांची के एसएसपी के पद पर भी अपनी सेवा दे चुके हैं. कुलदीप द्विवेदी गढ़वा सहित कई जिलों में एसपी भी रह चुके हैं. कुलदीप द्विवेदी की छवि एक तेज तर्रार आईपीएस अफसर की है. झारखंड में अपनी सेवा के दौरान उन्होंने कई दुर्दांत नक्सलियों और अपराधियों को गिरफ्तार किया था और कइयों का एनकाउंटर भी किया.
इसी प्रकार, सी वेंकट सुब्बा रेड्डी, आईपीएस (असम-मेघालय कैडर, 2007 बैच), डीआईजी, सीबीआई को भी सीबीआई का संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है. उनका कार्यकाल 29 अक्टूबर 2029 तक, पांच वर्ष की प्रतिनियुक्ति पूरी होने तक, या अगले आदेश तक रहेगा.
आदेश जारी
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में संयुक्त निदेशक के रूप में दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है.



