पलामूः मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में पांच मैनेजर की तैनाती होगी. फिलहाल यहां एक हॉस्पिटल मैनेजर हैं. इस संबंध में राज्य के स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने पलामू सिविल सर्जन को निर्देश दिया है. डॉक्टर सिद्धार्थ सान्याल ने मंगलवार को पलामू के मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में सिटी स्कैन और एक्स-रे सेंटर का उद्घाटन किया.
इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज में पांच हॉस्पिटल मैनेजर को तैनात करने के साथ-साथ हर महीने सिविल सर्जन को स्वास्थ्य कार्यों की समीक्षा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के क्रम में हॉस्पिटल मैनेजर को फटकार भी लगाई और कई दिशा निर्देश दिए गए.
- निरीक्षण के क्रम में डॉक्टर सिद्धार्थ सान्याल जन औषधि केंद्र पहुंचे थे, जहां कई जरूरी दवा नहीं मिली. जबकि दवा केंद्र में फार्मासिस्ट दवा के आइटम की संख्या नहीं बता पाए. निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाओं ने इस दौरान अस्पताल के बाहर मरीजों को बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था करने को कहा. अस्पताल में बेसिक साइंस सपोर्ट के मौजूद रहने और कम से कम मरीजों को रेफर करने के लिए निर्देशित किया गया.
- “मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन केंद्र और एक्स-रे का उद्घाटन किया गया है. इस दौरान कई बिंदुओं पर समीक्षा भी की गई है. मेडिकल कॉलेज में सुविधाएं दी जा रही हैं. थोड़ा इंतजार करने की जरूरत है, स्वास्थ्य व्यवस्था और बेहतर होगी. सब कुछ ठीक है, बस चीजों को व्यवस्थित करने की जरूरत है.” – सिद्धार्थ सान्याल, निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं

रेजिडेंट डॉक्टरों ने शोकॉज का जवाब देने में दिखाई चालाकी
इधर, मेडिकल कॉलेज में दो रेजिडेंट डॉक्टरों ने शोकॉज का जवाब देने में चालाकी दिखाई है. दोनों छात्रों ने दूसरे छात्र से जवाब लिखवा दिया है और दूसरे छात्र से हस्ताक्षर भी करवाया है. दोनों छात्र मेडिकल कॉलेज से गायब भी हैं. मामले में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन सख्त हुआ है और दोनों को अबसेंट माना जा रहा है. मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर आरके रंजन ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है.


