Friday, May 29, 2026

झारखंड के कई जिलों में बारिश से लोगों को भीषण से राहत मिली है.

Share

जामताड़ाः झारखंड में पिछले कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद शुक्रवार को कई जिलों का मौसम बदला. बारिश की फुहार से लोगों को इस गर्मी से राहत मिली है.

देवघर में शुक्रवार सुबह से ही रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही, जिससे मौसम सुहाना हो गया. पिछले चार-पांच दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश के बाद काफी राहत महसूस हुई. दिन के समय भी ठंडक का अहसास बना रहा.

सोमवार से गुरुवार तक तेज गर्मी के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा. हालांकि गुरुवार को बकरीद के अवसर पर सरकारी कार्यालय बंद रहने के कारण सड़कों पर भीड़ कम दिखी. लेकिन शुक्रवार सुबह से ही शहर की सड़कों पर लोगों की आवाजाही सामान्य रही.

सुबह करीब 8 बजे तक तेज धूप देखकर लोगों को अंदाजा नहीं था कि मौसम अचानक बदल जाएगा लेकिन कुछ ही देर बाद आसमान में बादल छा गए और हल्की बारिश शुरू हो गई. पूरे दिन सूरज नहीं निकलने के कारण वातावरण में हल्का अंधेरा बना रहा. स्थिति ऐसी रही कि कई सरकारी और निजी कार्यालयों में दिन के समय ही बल्ब और एलईडी लाइट जलानी पड़ी.

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार पड़ रही गर्मी के बीच बारिश और ठंडे मौसम ने बड़ी राहत दी है. वहीं मलमास के दौरान देवघर पहुंच रहे श्रद्धालुओं को भी इस सुहाने मौसम में राहत महसूस हो रही है. श्रद्धालुओं ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से अत्यधिक गर्मी पड़ रही थी लेकिन शुक्रवार को मौसम काफी खुशनुमा रहा, जिससे उन्हें काफी आराम मिला.

इस आंधी और बारिश का असर शहर की सड़कों और बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिला. कई इलाकों में पुराने और कमजोर पेड़ गिर गए, जबकि कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई. मौसम विभाग की ओर से भी संकेत दिया गया है कि बारिश के बाद अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिलने की संभावना है.

जामताड़ा के लोगों के लिए आज का दिन काफी राहत भरा रहा. झमाझम बारिश से मौसम काफी सुहावना हुआ. भारी बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया. लोग गर्मी और तेज धूप से परेशान थे, उन्हें राहत मिली है.

बारिश का पानी अनुमंडल के कार्यालय में घुस गया, जिससे कामकाज प्रभावित हुआ. बारिश के पानी में खड़े होकर कार्यालय कर्मी काम करते देखे गए. बता दें कि जामताड़ा में तापमान काफी बढ़ गया था और प्रचंड गर्मी और तेज धूप से लोगों का जीना मुहाल हो रहा था. मौसम के करवट लेने से और बारिश होने से लोगों को काफी राहत महसूस हो रही है.

गढ़वा जिला में पिछले कई दिनों से चली आ रही भीषण गर्मी के बीच अहले सुबह मौसम ने अंगड़ाई ली. आंधी तूफान के बाद झमाझम बारिश हुई है और मौसम सुहाना हो गया.

इस बारिश में जिला के कांडी थाना क्षेत्र के बनकट गांव में वज्रपात की घटना हुई. जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान भृगु साह की पत्नी 55 वर्षीय सनमति देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सनमति देवी सुबह करीब छह बजे घर से बाहर खेत की ओर बकरी चराने गई थी. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद आसपास के लोगों एवं परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो चुकी थी. सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

People find relief from heat due to rainfall in several districts of Jharkhand

Read more

Local News