रांचीः झारखंड में जून की गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम केंद्र रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल, बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. खासकर दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
आज 8 जून का मौसम
सोमवार को राज्य में आंशिक रूप से बादल दिखी है. दक्षिणी झारखंड और उत्तर-पूर्वी झारखंड के कई इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के आसार नजर आए. कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ वज्रपात और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

मौसम केंद्र के अनुसार आज उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. इस दौरान पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में असर दिख सकता है. इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
9 जून को इन इलाकों में बारिश की संभावना
मंगलवार को राज्य के दक्षिणी भाग और उससे सटे मध्य क्षेत्रों में मौसम सक्रिय रह सकता है. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने तथा गर्जन के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. रांची, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, गुमला और कोल्हान क्षेत्र के जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है.

10 जून को अधिकांश जिलों में बरस सकते हैं बादल
बुधवार को उत्तर-पश्चिमी हिस्से के कुछ जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की संभावना बनी हुई है. कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ वर्षा और तेज हवाएं चल सकती हैं. संथाल परगना, कोल्हान और रांची प्रमंडल के कई जिलों में मौसम अपेक्षाकृत अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है.

11 जून को वज्रपात और तेज हवाओं का खतरा
गुरुवार को उत्तर-पूर्वी तथा मध्य झारखंड के कई जिलों में मौसम और प्रभावी हो सकता है. धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़ और रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मौसम केंद्र के अनुसार अगले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने पर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 8 और 9 जून को आंशिक बादल छाए रहने तथा गर्जन वाले बादल बनने की संभावना है. 10 और 11 जून को बारिश और मेघ गर्जन की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम केंद्र ने इस दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.


