बिरसा कृषि विश्वविद्यालय की रिपोर्ट में मिट्टी की उर्वरता को लेकर चिंता; विशेषज्ञों ने जांच के आधार पर खाद इस्तेमाल करने और जैविक पदार्थ बढ़ाने की दी सलाह
रांची, 29 नवंबर 2026: झारखंड के खेतों में मिट्टी की सेहत को लेकर चिंता बढ़ाने वाली तस्वीर सामने आई है। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के कई जिलों में मिट्टी में फास्फोरस, सल्फर और बोरान जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी दर्ज की गई है। रांची जिले में भी करीब आधे खेतों की मिट्टी में सल्फर और बोरान की कमी बताई गई है।
रिपोर्ट में इस स्थिति के पीछे रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अनियंत्रित इस्तेमाल से मिट्टी के स्वास्थ्य तथा उसकी उर्वरता पर पड़ने वाले असर को प्रमुख चिंता के रूप में रेखांकित किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि बिना मिट्टी की जांच कराए खाद डालने से पोषक तत्वों का संतुलन बिगड़ सकता है।
रांची की मिट्टी में पोषक तत्वों की स्थिति
रिपोर्ट के अनुसार, रांची के कुल भौगोलिक क्षेत्र के लगभग 66 प्रतिशत हिस्से में फास्फोरस की कमी पाई गई है। करीब 38 प्रतिशत क्षेत्र में सल्फर की उपलब्धता कम है।
अन्य पोषक तत्वों की स्थिति भी पूरी तरह संतोषजनक नहीं है। जिले के लगभग 51 प्रतिशत क्षेत्र में पोटेशियम निम्न से मध्यम स्तर पर है। वहीं, 70 प्रतिशत हिस्से में नाइट्रोजन की उपलब्धता निम्न से मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई है। जैविक कार्बन की स्थिति करीब 47 प्रतिशत क्षेत्र में मध्यम पाई गई है।
सल्फर की कमी से तेलहन की गुणवत्ता प्रभावित
बीएयू के कृषि विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार के मुताबिक, सल्फर की कमी का असर खास तौर पर तेलहन फसलों पर पड़ता है। इससे उपज में तेल की मात्रा घट सकती है। पौधों के बेहतर विकास और फसल की गुणवत्ता के लिए जरूरी पोषक तत्वों का संतुलन बनाए रखना अहम है।
विशेषज्ञ ने सल्फर की कमी दूर करने के लिए अंतिम जुताई के समय प्रति हेक्टेयर 16 से 20 किलोग्राम सल्फेट के इस्तेमाल की सलाह दी है। हालांकि, इसकी सही मात्रा मिट्टी की जांच और संबंधित उर्वरक की प्रकृति के अनुसार तय की जानी चाहिए।
बोरान की कमी से फूल और फल झड़ने की समस्या
मिट्टी में बोरान की कमी होने पर पौधों में बीज और फल बनने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इससे फूल और फल झड़ने लगते हैं। नींबू, लीची, बैंगन और टमाटर जैसी फसलों में फल फटने की समस्या भी सामने आ सकती है।
डॉ. अरविंद कुमार के अनुसार, बोरान की कमी दूर करने के लिए प्रति लीटर पानी में ढाई ग्राम बोरान मिलाकर छिड़काव किया जा सकता है। जिन खेतों में लगातार इसकी कमी देखी जा रही हो, वहां
