रांची: झारखंड में आज से पारा चढ़ने लगा है. बर्फीली हवाओं का मिजाज बदल गया है. हवा से ठंड की तासीर कम होने लगी है. न्यूनतम पारा और अधिकतम पारा में इजाफा हुआ है. दक्षिणी झारखंड में आने वाले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड हुआ है. इसी तरह का मौसम 13 फरवरी को भी देखने को मिल सकता है, लेकिन उसके बाद फिर मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना जतायी गई है. लिहाजा, रात वाली सर्दी से फिलहाल छुटकारा मिलता नहीं दिख रहा है.
कई जिलों में गर्मी ने दी दस्तक
मौसम केंद्र, रांची की ओर से 12 फरवरी को जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में चाईबासा जिला में सबसे ज्यादा गर्मी महसूस की गई है, क्योंकि यहां का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. दूसरे नंबर पर 32.7 डिग्री के साथ सरायकेला जिला रहा. इसके अलावा जमशेदपुर में 31.7 और डाल्टनगंज में 31.6 डिग्री तक पारा चढ़ गया है. रांची का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री, बोकारो का 28.1 डिग्री, देवघर का 28.8 डिग्री, खूंटी में 29.0 डिग्री, पाकुड़ में 29.3 डिग्री और सिमडेगा में 29.8 डिग्री रहा है. एकमात्र लातेहार ऐसा जिला ऐसा है जहां का अधिकतम तापमान अभी भी सबसे कम 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है.
न्यूनतम पारा में इजाफा
मौसम केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटों में न्यूनतम पारा में इजाफा हुआ है. 11 फरवरी को गुमला का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री था जो 24 घंटे में बढ़कर 8.1 डिग्री सेल्सियस हो गया है. पूरे राज्य में गुमला का पारा सबसे कम रहा है. दूसरे स्थान पर 8.5 डिग्री सेल्सियस के साथ खूंटी जिला रहा. खूंटी का भी न्यूनतम तापमान 24 घंटे में करीब 1.0 डिग्री बढ़ा है. इसके अलावा लोहरदगा में 9.5 और हजारीबाग में 9.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है. प्रमुख शहरों की बात करें तो राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री हो गया है. जमशेदपुर में 13.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 9.0 डिग्री और बोकारो में 11.2 डिग्री सेल्सियस पर पारा पहुंच चुका है.

मौसम केंद्र के मुताबिक 14 फरवरी से 16 फरवरी तक तापमान में करीब 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है. लिहाजा, रात के वक्त सर्दी महसूस होगी. अधिकतम तापमान में भी गिरावट आएगी, लेकिन धूप में गर्मी महसूस होगी क्योंकि अभी से ही पारा सामान्य से ऊपर जा चुका है. कुल मिलाकर कहें तो झारखंड के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर अभी कुछ दिनों तक जारी रहने वाला है.


