रांची: राज्य की 09 नगर निगम क्षेत्र सहित सभी 48 शहरी निकाय क्षेत्रों में कांग्रेस पूरा जोर लगा रही है कि उसका समर्थित उम्मीदवार ही चुनाव जीते. इस रणनीति के तहत शनिवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की प्रदेशस्तरीय बैठक हुई. जिसमें जेपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मंजूर अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर निकाय चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में राज्यभर से अल्पसंख्यक कांग्रेस के पार्टी पदाधिकारी पहुंचे थे.
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शहजादा अनवर ने निकाय चुनाव को लेकर आज की बैठक को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा निकाय क्षेत्र में मेयर, अध्यक्ष, वार्ड पार्षद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित हो इसके लिए कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग अपना पूरा ध्यान अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में केंद्रित करेगा.
रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रमा खलखो की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लेते हुए बैठक में यह निर्णय लिया गया कि राजधानी क्षेत्र में अल्पसंख्यक में आने वाले हर वर्ग मुस्लिम, सिख, जैन और अन्य समुदायों से मिलकर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में वोट मांगा जाएगा. शहजादा आलम ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के बीच आक्रामक प्रचार और जनसंपर्क का कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि यूजीसी के नए प्रावधानों को लेकर समाज का हर वर्ग चाहे वह अगड़ी जाति का हो या अनुसूचित जाति, जनजाति या पिछड़ा वर्ग हर कोई पीएम मोदी की कार्यशैली और भाजपा से नाराज है. ऐसे में इसका लाभ कांग्रेस उम्मीदवार को मिलना तय है.


