रांची: कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने आज शनिवार को ओबीसी छात्रों की लंबित छात्रवृति के मुद्दे पर आक्रोश मार्च निकाला. साथ ही लोकभवन (पूर्व में राजभवन) के समक्ष प्रदर्शन किया. इस दौरान छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए झारखंड कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी आक्रोश मार्च में शामिल हुए.
मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से आक्रोश मार्च के रूप में एनएसयूआई के छात्र अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ झंडे-बैनर के साथ लोकभवन के लिए निकले. जिसे पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर जाकिर हुसैन पार्क के पास रोक दिया. इसके बाद वहीं आक्रोश मार्च सभा में तब्दील हो गया.
लंबित छात्रवृत्ति के लिए केंद्र सरकार को ठहराया दोषी
ओबीसी छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिलने के मुद्दे को राज्य का सबसे अहम मुद्दा बताते हुए एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव ने इसके लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को दोषी करार दिया. उन्होंने कहा कि पिछले तीन वित्तीय वर्ष से केंद्र की सरकार ओबीसी को मिलने वाली राशि में अपना अंशदान काफी कम कर दी है. नतीजा यह हो रहा है कि पिछड़ी जातियों के छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित हो गए हैं.
विनय उरांव ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में 271 करोड़ की जगह केंद्र की सरकार ने महज 77 करोड़ राज्य सरकार को दिया, इसी तरह 2024-25 में 254 करोड़ की जगह महज 33 करोड़ और वित्तीय वर्ष 2025-26 में 371 करोड़ की जगह महज 13 करोड़ की राशि केंद्र सरकार ने अपनी तरफ से दी है. उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज से आनेवाले छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति नहीं मिल पा रही है और उनका भविष्य खराब हो रहा है.
विनय उरांव ने कहा कि केंद्र की ओबीसी और खासकर छात्र विरोधी नीति के विरोध में आज राज्यभर के छात्र-छात्राएं झंडे-बैनर के साथ सड़क पर हैं. उन्होंने कहा कि हम पढ़ने-लिखने वाले युवा हैं. हमारी मांग सिर्फ यह है कि केंद्र सरकार राज्य के ओबीसी छात्र-छात्राओं को उनका हक दे दें, अन्यथा कांग्रेस की छात्र इकाई जोरदार आंदोलन करेगा.
मांगें पूरी होने जारी रहेगा प्रदर्शनः डॉ. तौसीफ
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हुसैनाबाद से उम्मीदवार रहे डॉ. एम तौसीफ ने कहा कि आज NSUI के बैनर तले जायज मांगों को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
जरूरत पड़ी तो संसद के समक्ष होगा प्रदर्शन-डॉ. इरफान
आज एनएसयूआई के प्रदर्शन में शामिल हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मोदी सरकार में अल्पसंख्यक, आदिवासी, ओबीसी के हक और अधिकार को कुचला जा रहा है. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या इस देश में अल्पसंख्यक, पिछड़ा या आदिवासी होना अपराध है? डॉ .इरफान अंसारी ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो राज्य के युवा छात्र-छात्राएं दिल्ली में संसद भवन के समक्ष प्रदर्शन करेंगे.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भी केंद्र सरकार पर साधा निशाना
वहीं, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार झारखंड के प्रति दोहरा चरित्र अख्तियार किए हुए है, लेकिन कांग्रेस और उसका छात्र इकाई चुप नहीं बैठेगा. आज का आक्रोश मार्च और लोकभवन के समक्ष प्रदर्शन कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक, रांची महानगर के अध्यक्ष कुमार राजा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए.


