झरिया विधायक रागिनी सिंह ने DC आदित्य रंजन से मिलकर क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान की मांग की.
झरिया विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसम स्याओं के समाधान को लेकर मंगलवार को झरिया विधायक रागिनी सिंह ने धनबाद समाहरणालय में उपायुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात की. इस दौरान दोनों के बीच क्षेत्र के विकास और आम जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की . विधायक ने विशेष रूप से भू-धंसान, पेयजल,सड़क, पुनर्वास और आधारभूत सुविधाओं से संबंधित लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाते हुए इनके शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया.
विधायक ने झरिया क्षेत्र की जर्जर सड़कों, पेयजल संकट और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों को भी उपायुक्त के समक्ष रखा. उन्होंने बताया कि कई इलाकों में सड़कें खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई होती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है. उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें. साथ ही क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने की भी जरूरत बताई.
- उपायुक्त आदित्य रंजन ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उन पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे. उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देने की बात कही. उपायुक्त ने यह भी आश्वस्त किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी और जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से काम करेगा.
- मुलाकात के बाद विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनका दायित्व है. उन्होंने कहा, “झरिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है. जनता की आवाज को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखना मेरा दायित्व है. मुझे विश्वास है कि जिला प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा.”
- बैठक के दौरान विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से भू-धंसान की गंभीर समस्या से जूझ रहा है. कई इलाकों में जमीन धंसने की घटनाओं से लोगों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है. प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया में तेजी लाना बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बसाया जा सके और वे भयमुक्त जीवन जी सकें. उन्होंने कहा कि पुनर्वास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, जिससे विस्थापित परिवारों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
झरिया देश के सबसे महत्वपूर्ण कोयला क्षेत्रों में से एक है, लेकिन यहां दशकों पुरानी भूमिगत आग और भू-धंसान की समस्या आज भी बड़ी चुनौती बनी हुई है. इसके अलावा पुनर्वास, सड़क, पेयजल, जलनिकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी लगातार सामने आती रही हैं.


