Monday, May 25, 2026

जेल से निकलने के बाद पूर्व मंत्री आलमगीर आलम पाकुड़ पहुंचे.

Share

पाकुड़ : जमानत के बाद कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम सोमवार को पाकुड़ पहुंचे. लंबे अंतराल के बाद पाकुड़ पहुंचे पूर्व मंत्री आलमगीर आलम का कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया.

कार्यकर्ताओं ने आलमगीर आलम के पाकुड़ आने पर न केवल पटाखे छोड़े बल्कि उनके स्वागत के लिए रवींद्र नगर भवन में कार्यक्रम का भी आयोजन किया. अपने स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा दिये गये मान और सम्मान के कारण थोड़ी देर के लिए पूर्व मंत्री भावुक नजर आये. यहां अपने संबोधन में पूर्व मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता ने कहा कि समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मेरे जेल में रहते हुए भी जो सहयोग और सम्मान दिया है, उसे हम जिंदगी भर नहीं भुला सकते.

कांग्रेस नेता आलमगीर ने कहा कि मेरी गैर मौजूदगी में भी पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने कांग्रेस पार्टी को जिताने का काम किया है. उन्होंने कहा कि यदि पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक निष्ठावन और वफादार हो तो असंभव कार्य भी संभव हो सकते हैं. हाल के दिनों में राजनीतिक हलकों में हो रही इस चर्चा कि आलमगीर आलम आने वाले दिनों में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे के सवाल पर उन्होंने कहा कि बीते विधानसभा चुनाव के पूर्व ही हमने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया था. लेकिन राजनीतिक भविष्यवाणी इसलिए नहीं की जा सकती कि परिस्थिति और समय के मुताबिक खुद के लिए गये निर्णय भी वापस लेने पड़ते हैं.

पूर्व मंत्री आलमगीर ने कहा कि हमारी दिली इच्छा चुनाव नहीं लड़ने की है, लेकिन यह आने वाले दिनों की परिस्थिति और समय ही तय कर पायेगा. उन्होंने स्वागत समारोह के मौके पर अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हौसला अफजायी करते हुए कहा कि जिस पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थकों की नीति और नीयत साफ हो उस पार्टी के नेता को खुद के पद और प्रतिष्ठा के लिए चिंता करने की जरूरत नहीं है. आयोजित स्वागत समारोह में कांग्रेस प्रदेश महासचिव तनवीर आलम, उदय लखमानी, जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, अर्देंदु शेखर गांगुली, मंजुला हांसदा ने भी अपना विचार रखा.

Read more

Local News