आगामी रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘एक दिन’ 1 मई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही चर्चा बटोर रही है. जुनैद खान और साई पल्लवी स्टारर यह फिल्म अपनी अनूठी रिलीज रणनीति, नई जोड़ी और भावुक कहानी के कारण पहले ही सबका ध्यान आकर्षित कर चुकी है. आमिर खान द्वारा समर्थित यह फिल्म एक भावपूर्ण सिनेमाई अनुभव का वादा करती है.
सिनेमाघरों में रिलीज होने से महज तीन दिन पहले ही फिल्म को लेकर काफी चर्चा शुरू हो चुकी है. आइए जानते हैं रिलीज से पहले ‘एक दिन’ के बारे में आपको क्या-क्या जानना चाहिए.
सर्टिफिकेट, रनटाइम और बेसिक जानकारी
एक दिन को UA 13 प्लस सर्टिफिकेशन मिला है, यानी यह 13 वर्ष से अधिक आयु के दर्शक इसे देख सकते हैं. फिल्म का रनटाइम 2 घंटे 5 मिनट 22 सेकंड है, जो इसे रोमांटिक ड्रामा के लिए सटीक टाइमिंग है. सुनील पांडे द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक मजबूत भावनात्मक ताने-बाने के साथ रोमांस शैली में आती है.
नई जोड़ी और साई पल्लवी का हिंदी डेब्यू
फिल्म की सबसे बड़ी खासियतों में से एक इसकी कास्टिंग है. जुनैद खान अभी अपने करियर के शुरुआती दौर में हैं, वहीं साई पल्लवी के लिए ‘एक दिन’ एक बड़ा मील का पत्थर है क्योंकि यह उनकी पहली हिंदी फिल्म है. दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग (तेलुगु, तमिल और मलयालम) में अपने काम के लिए जानी जाने वाली साई पल्लवी ने सालों से खूबसूरत फैन बेस बनाया है.
हाल ही में एक इवेंट में, साई पल्लवी ने माना कि बॉलीवुड में अपने डेब्यू से पहले उन्हें थोड़ी घबराहट हो रही है, लेकिन उन्होंने इस अनुभव को एक खूबसूरत सफर भी बताया. जुनैद खान के साथ उनकी जोड़ी पहली बार देखने को मिल रही है और इसने दर्शकों के बीच उत्सुकता जगा दी है.
प्लॉट: एक जादुई प्रेम कहानी
यह फिल्म थाई ड्रामा ‘वन डे’ का रीमेक है और इसकी कहानी सरल लेकिन दिलचस्प है. यह दिनेश कुमार श्रीवास्तव, जिन्हें डिनो के नाम से भी जाना जाता है, की कहानी है, जो सामाजिक रूप से असहज हैं और अपनी सहकर्मी मीरा से चुपके से प्यार करता है. अपने दिल की बात कहने से डरता है. डिनो एक ऑफिस ट्रिप के दौरान यह इच्छा करता है कि मीरा सिर्फ एक दिन के लिए उसकी प्रेमिका बन जाए.
इसके बाद घटनाओं का एक ऐसा भावनात्मक और जादुई मोड़ आता है, जो उन दोनों के जीवन को बदल देता है. एक अनोखी बैकग्राउंड पर आधारित यह कहानी रोमांस और कल्पना के तत्वों का मिश्रण है, जिसका उद्देश्य भावनाओं और नाटकीयता दोनों को पेश करना है,
एडवांस बुकिंग रणनीति
फिल्म ‘एक दिन’ की सबसे चर्चित बातों में से एक इसकी एडवांस बुकिंग रणनीति है. फिल्म के टिकटों की बिक्री रिलीज से पूरे 39 दिन पहले शुरू हो गई, जो बॉलीवुड में बहुत कम देखने को मिलता है. फिलहाल करीब 20 शहरों में बुकिंग उपलब्ध है, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि हर सिनेमाघर में सिर्फ एक ही शो खोला गया है.
आमिर खान ने बताया कि यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि फिल्म में नए कलाकार हैं और दर्शकों से जुड़ने के लिए इसे अधिक समय चाहिए. उन्होंने स्वीकार किया कि हालांकि टीम को कहानी पर भरोसा है, लेकिन वे जानते हैं कि इसकी सफलता आखिरकार दर्शकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगी.
बॉक्स ऑफिस कंपटीशन
एक दिन अकेली नहीं आ रही है. 1 मई को रिलीज होने वाली कई फिल्मों से इसे कड़ी टक्कर मिलेगी, जिनमें ऐतिहासिक ड्रामा ‘राजा शिवाजी’ और एक्शन थ्रिलर ‘पैट्रियट’ शामिल हैं. अंतरराष्ट्रीय फिल्में और डब की गई फिल्में भी लगभग उसी समय सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर काफी प्रतिस्पर्धा होगी. इसके बावजूद, ‘एक दिन’ अपनी शुरुआती मार्केटिंग और इमोशनल कहानी के जरिए अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही है.
सपोर्ट और एक्पेक्टेशन
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं. आमिर खान ने निर्देशक सुनील पांडे के विजन पर भरोसा जताते हुए कहा है कि बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से कहीं ज्यादा जरूरी है कि स्क्रिप्ट को ईमानदारी से पर्दे पर उतारा जाए. फिल्म की कहानी और इसकी प्रयोगात्मक मार्केटिंग रणनीति, 2026 में बॉलीवुड के फिल्म रिलीज के नजरिए में आए बदलाव को दर्शाती है. आखिरी समय में प्रचार करने के बजाय, ‘एक दिन’ धीरे-धीरे दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही है.


