जामताड़ा | 30 अक्टूबर 2026
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से आयोजित कराने के लिए जामताड़ा जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार, 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए जिले में कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 8,756 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
डीसी और एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें संबंधित अधिकारियों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, उड़नदस्ता दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों ने हिस्सा लिया।
बैठक में सभी अधिकारियों को परीक्षा के दौरान उनकी जिम्मेदारियों और दायित्वों की जानकारी दी गई। साथ ही झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), रांची की ओर से जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए।
कदाचार रोकने और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी तरह की नकल या अनुचित गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जाए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने और सभी जिम्मेदार अधिकारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
प्रशासन ने अधिकारियों को किया अलर्ट
जिला प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को व्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए केंद्राधीक्षकों से लेकर दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों तक को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
BHARATSUPERFASTNEWS
