‘जवान’ डायरेक्टर एटली सातवें आसमान पर हैं. उनके घर पर आज, 20 अप्रैल को एक प्यारी सी बेटी ने जन्म लिया है. इस गुड न्यूज को उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए बेहद प्यारे अंदाज में शेयर किया है.
फिल्ममेकर एटली ने सोमवार (20 अप्रैल) को इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी प्रिया एटली के साथ अपने दूसरे बच्चे के आने की गुड न्यूज दी. इस जोड़े को एक प्यारी सी बेटी हुई है. इस तस्वीर में नन्हा मीर बड़े भाई बनने की अपनी नई भूमिका का जश्न मनाता नजर आ रहा है, साथ ही एक मैसेज भी लिखा है, ‘हुर्रे, मुझे एक छोटी बहन मिल गई, बड़ा भाई मीर.’
आगे लिखा है, ‘हम, प्रिया और एटली, एक प्यारी सी बेटी पाकर धन्य महसूस कर रहे हैं/ 20 अप्रैल, 2026.’ कपल ने अपना कैप्शन बिल्कुल सिंपल रखा और लाल दिल वाले इमोजी के साथ लिखा, ‘फीलिंग ब्लेसिंग.’ इस गुड न्यूज के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं.
प्रियंका चोपड़ा ने कमेंट सेक्शन में जाकर लिखा है, ‘ओएमजी, बधाई हो.’ रश्मिका मंदाना कपल पर भावुक होते हुए लाल दिल वाला इमोजी भेजा है. काजल अग्रवाल ने उत्साह से भरा एक मैसेज साझा करते हुए लिखा है, ‘ये, बहुत-बहुत बधाई, नन्ही बच्ची, माता-पिता, दादा-दादी और सबसे बढ़कर, मीर को ढेर सारा प्यार.’ सामंथा रुथ प्रभु, अनन्या पांडे, हुमा कुरैशी, निशा अग्रवाल समेत कई सितारों ने कपल को बधाई दी है.
एटली और प्रिया की शादी नवंबर 2014 में हुई थी. जनवरी 2023 में कपल ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया, जिसका नाम उन्होंने मीर रखा. इस नाम का खास कनेक्शन है. यह नाम शाहरुख खान के पिता मीर ताज मोहम्मद खान से जुड़ा हुआ है.
प्रोफेशनल की बात करें तो एटली फिलहाल अपनी आने वाली फिल्म ‘राका’ पर काम कर रहे हैं, जो अभी प्रोडक्शन स्टेज में है. इस प्रोजेक्ट ने तब से ही लोगों का ध्यान खींचना शुरू कर दिया है, जब अल्लू अर्जुन के जन्मदिन पर इसका पहला लुक सामने आया है. हालांकि मेकर्स ने अभी तक रिलीज की तारीख की पुष्टि नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि ‘राका’ 2027 में सिनेमाघरों में आएगी.


