Wednesday, July 29, 2026

जमशेदपुर में 29 जुलाई से शुरू होगा समरसता संकल्प अभियान, फरवरी 2027 तक चलेंगे कार्यक्रम.

Share

जमशेदपुर: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से समरसता संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान 29 जुलाई 2026 से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान शहर में सामाजिक समरसता, सेवा और जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंगलवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास के समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है।

दीप महोत्सव से होगी अभियान की शुरुआत

अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को समरसता दीप महोत्सव के साथ होगी। इस अवसर पर विभिन्न मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से तैयार कलश भी देशभर में पहुंचाए जाएंगे।

अभियान के दौरान समरसता यात्रा, संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क कार्यक्रम, संवाद कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए लोगों को जोड़ा जाएगा।

निकाली जाएगी संत गुरु रविदास समरसता यात्रा

कार्यक्रमों की श्रृंखला में 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से वाराणसी तक संत गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी। इसके माध्यम से संत रविदास के विचारों और सामाजिक संदेशों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

समितियों का किया जा रहा गठन

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि यह अभियान सामाजिक एकता, न्याय और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ा जनअभियान है। कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिला और मंडल स्तर पर आयोजन समितियां गठित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक समिति में एक संयोजक और चार सह-संयोजक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस दौरान समाज के सभी वर्गों से अभियान में भागीदारी की अपील की गई।

प्रेस वार्ता में अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, संजीत चौरसिया समेत कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Read more

Local News