Wednesday, August 26, 2026

जनार्दन पासवान को मिली बड़ी जिम्मेदारी, लोजपा (आर) ने बनाया झारखंड का प्रदेश अध्यक्ष.

Share

चतरा। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने झारखंड में संगठन की कमान चतरा विधायक जनार्दन पासवान को सौंप दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने उन्हें झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा के बाद चतरा समेत राज्य के पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

जनार्दन पासवान को इससे पहले करीब छह महीने पहले पार्टी का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। अब संगठन ने उन्हें पूर्णकालिक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। पार्टी नेतृत्व ने उनके राजनीतिक अनुभव और संगठन में सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह निर्णय लिया है।

लंबे राजनीतिक अनुभव का मिला लाभ

जनार्दन पासवान लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। करीब 35 वर्षों से अधिक के राजनीतिक अनुभव के साथ वह चतरा विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक हैं। पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता को देखते हुए अब उन्हें पूरे झारखंड में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी मिली है।

प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनके सामने पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और राज्य में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों को विस्तार देने की चुनौती होगी।

चिराग पासवान का जताया आभार

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जनार्दन पासवान ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व उनके लिए सिर्फ संगठनात्मक पद नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं और जनता के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ पार्टी की जिम्मेदारी निभाएंगे। साथ ही झारखंड में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने की बात कही।

जनार्दन पासवान ने कहा कि चिराग पासवान के नेतृत्व में लोजपा (आर) को झारखंड में और मजबूत करने के लिए संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी। पार्टी की नई जिम्मेदारी के साथ अब उनकी भूमिका राज्य की राजनीति में भी पहले की तुलना में अधिक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Read more

Local News