Thursday, February 19, 2026

चतरा में राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026 का शुभारंभ हो गया.

Share

चतरा: जिले के ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर परिसर में तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026 का शुभारंभ भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुआ. झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर और पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया.

उद्घाटन समारोह में चतरा सांसद कालीचरण सिंह, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास, जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, उपाध्यक्ष ब्रिज किशोर तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और लोग उपस्थित रहे. इस अवसर पर अतिथियों ने इटखोरी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया

साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मां भद्रकाली मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया. समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन व्यस्तता के कारण वे नहीं पहुंच सके.

उन्होंने मुख्यमंत्री का संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार इटखोरी महोत्सव और मंदिर परिसर के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जो भी आवश्यक कार्य होंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. उन्होंने मां भद्रकाली से राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

वहीं वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि चतरा धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, जहां मां भद्रकाली का आशीर्वाद क्षेत्रवासियों को प्राप्त है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इटखोरी महोत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और क्षेत्र के अन्य पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए भी प्रयासरत है.

महोत्सव के प्रथम दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक लोकनृत्य एवं रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया. महोत्सव के अगले दो दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे इटखोरी की पहचान और अधिक मजबूत होगी.

Read more

Local News