Thursday, October 1, 2026

चतरा में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई तेज, 79 वाहनों से वसूला गया 34.15 लाख रुपये जुर्माना.

Share

चतरा: जिले में अवैध खनन, खनिजों के गैरकानूनी परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई, जिसमें अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की गई।

सितंबर तक 79 वाहनों से हुई वसूली

जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक 26 वाहन जब्त किए गए हैं और 18 प्राथमिकी दर्ज हुई हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 79 वाहनों से 34.15 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूल की गई है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में 124 वाहन जब्त किए गए थे और 52 प्राथमिकी दर्ज हुई थीं। उस दौरान 142 वाहनों से 25.58 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया था।

अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी का निर्देश

उपायुक्त ने अधिकारियों को अवैध खनन और खनिजों के परिवहन पर लगातार नजर रखने को कहा। उन्होंने नियमित जांच के साथ विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को नए नियम अधिसूचित होने के बाद अवैध परिवहन में पकड़े गए वाहनों के मामलों में सक्षम अधिकारी की स्वीकृति से कंपाउंडिंग का प्रावधान लागू है। इसी व्यवस्था के तहत दंड राशि की वसूली की जा रही है।

कोयला परिवहन वाहनों में GPS अनिवार्य

बैठक में सीसीएल के खनिज परिवहन वाहनों में VTD (GPS) पंजीकरण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी संबंधित वाहनों में AIS-140 मानक वाले VTD लगाने और उन्हें VTS पोर्टल पर पंजीकृत कराने का निर्देश दिया।

बिना VTD या तिरपाल के कोयला परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने को कहा गया।

CCTV और अवैध खनन पर भी नजर

सीसीएल को Entry-Exit Point, Loading-Unloading Point, Weighbridge और Railway Siding जैसे स्थानों पर CCTV लगाने का निर्देश दिया गया है। CISF की ओर से बताया गया कि कार्रवाई के दौरान करीब 2 हजार टन कोयला, पांच हाईवा समेत अन्य वाहन और उपकरण जब्त किए गए हैं।

उपायुक्त ने रैट होल माइनिंग पर निगरानी बढ़ाने तथा मानसून के बाद चिन्हित अवैध खनन मुहानों की डोजरिंग कराने को कहा। बिना CTE/CTO चल रहे क्रशर, खनन पट्टों और ईंट-भट्ठों की भी जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

BHARATSUPRFASTNEWS

Read more

Local News