मुंबई: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने अपने नए महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘श्रीमद्भागवतम’ की आधिकारिक घोषणा की है। यह लाइव-एक्शन फिल्म सीरीज सात भागों में बनाई जाएगी और इसका आधार भारतीय धार्मिक ग्रंथ भागवत महापुराण होगा।
निर्माताओं ने फिल्म का फर्स्ट-लुक पोस्टर जारी करते हुए बताया कि यह परियोजना भारतीय पौराणिक कथाओं को बड़े सिनेमाई स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रयास है। गुरु पूर्णिमा, जिसे व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है, के अवसर पर जारी संदेश में महर्षि वेदव्यास सहित सभी गुरुजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
निर्माण टीम के अनुसार, यह सात फिल्मों की श्रृंखला महर्षि वेदव्यास द्वारा रचित श्रीमद्भागवतम से प्रेरित होगी। इस महाग्रंथ में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके उपदेशों और भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों से जुड़ी अनेक कथाओं का वर्णन मिलता है। फिल्म सीरीज में भक्ति, धर्म, कर्तव्य, नैतिकता और मोक्ष जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत करने की योजना है।
इस परियोजना का रूपांतरण अमृत सागर चोपड़ा और आकाश सागर चोपड़ा ने किया है। दोनों पहली फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे, जबकि निर्माण का कार्य सागर पिक्चर्स ग्लोबल करेगा।
प्रोजेक्ट से आध्यात्मिक मार्गदर्शन के लिए श्री एम जुड़े हैं, जबकि मोती सागर मेंटर की भूमिका निभाएंगे। विजुअल इफेक्ट्स से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी क्लुइड एडवर्ड्स को सौंपी गई है।
निर्माताओं ने बताया कि इस महत्त्वाकांक्षी फिल्म श्रृंखला को दिवंगत डॉ. रामानंद सागर और लीला सागर को समर्पित किया गया है। वहीं, पहले भाग की रिलीज़ और कलाकारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी आने वाले समय में साझा की जाएगी।
