गुमला, 4 नवंबर 2026। झारखंड के गुमला जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त (DC) दिलेश्वर महतो ने बुधवार को खुद घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम और अन्य विवरणों का मिलान किया।
इस दौरान उन्होंने दर्जनों घरों में पहुंचकर मतदाताओं और उनके परिजनों से बातचीत की। प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज नामों और अन्य जानकारियों की जांच की गई। जहां भी किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति सामने आई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने का निर्देश दिया गया।
लूथरन हाई स्कूल में BLO और BLA-2 की बैठक का लिया जायजा
इससे पहले डीसी दिलेश्वर महतो ने लूथरन हाई स्कूल में आयोजित बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक का जायजा लिया। उन्होंने मतदाता सूची सत्यापन की प्रगति और घर-घर संपर्क अभियान की जानकारी ली।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में दर्ज प्रत्येक जानकारी का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करना प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बेहद जरूरी है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और सूची में शामिल प्रत्येक मतदाता का विवरण सही हो।
उन्होंने बीएलओ को अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज विवरणों का मिलान करने का निर्देश दिया।
मतदाताओं से भी जानकारी जांचने की अपील
डीसी ने मतदाताओं से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य जानकारियां जरूर जांच लें। यदि किसी प्रकार की गलती या विसंगति मिलती है, तो समय रहते उसके सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को जानकारी दें।
इस मौके पर सदर एसडीओ अखिलेश कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, संबंधित अधिकारी, बीएलओ और बीएलए-2 मौजूद रहे।
BHARATSUPERFASTNEWS
