Thursday, March 26, 2026

गुमला में सरकारी नौकरी के लिए एक शख्स ने अपनी भाई की हत्या कर दी.

Share

गुमला: बिशुनपुर थाना क्षेत्र के गुंटाटोली गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शख्स ने अपने सौतेले भाई विवेक उरांव (22 वर्ष) की सरकारी नौकरी के लिए गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

  • बिशुनपुर थाना में कांड संख्या 25/25, 03.07.2025 को भादवि की धारा 103(1)/3(5) BNS-2023 के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. मुख्य आरोपी रतिक उरांव (21 वर्ष) ने खुलासा किया कि उसके पिता की सरकारी नौकरी पाने की चाहत में उसकी सौतेली मां बसंती उरांव, सौतेले पिता अशोक खेरवार और दोस्त रोकी बरवा ने साजिश रची. इस साजिश के तहत विवेक की हत्या की गई.
  • पुलिस ने छापेमारी के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई वस्तुओं को बरामद किया है. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने जिन्हें गिरफ्तार किया उनके नाम हैं, गिरफ्तार आरोपियों में रतिक उरांव (21 वर्ष), अशोक खेरवार, रोकी बरवा, बसंती उरांव.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

छापेमारी दल में बिशुनपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार, शैलेश कुमार और थाना का सशस्त्र बल शामिल था. थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि कमला कच्छप (31 वर्ष) ने थाने में आवेदन देकर बताया कि उसके भांजे विवेक उरांव की हत्या उसके छोटे भाई रतिक उरांव, सौतेले पिता अशोक खेरवार और दोस्त रोकी बरवा ने मिलकर की. आरोपियों ने गला दबाकर हत्या की और शव को ठिकाने लगाने की योजना बना रहे थे. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की.

इस हत्याकांड के खुलासे से गुंटाटोली और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुलिस की तत्परता से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि इस साजिश के अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके.

Read more

Local News