गिरिडीह: पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा किया है. शख्स की हत्या डंडे से पीट-पीट कर की गई थी. गिरिडीह पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही हत्या में प्रयुक्त डंडा और खून से सना एक गमछा भी बरामद किया गया है. आरोपियों में एक वृद्ध और दो युवक शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों में पचम्बा थाना क्षेत्र के मनिकलालो निवासी हरि लाल दास, बसंत कुमार दास और सोमर दास शामिल है. आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि एसपी डॉ. बिमल कुमार ने की है.
4 मार्च में मिली थी शख्स की लाश
दरअसल 4 मार्च को पचम्बा थाना क्षेत्र के बुढ़वा तालाब के समीप डुमरी थाना इलाके के ससारखो निवासी उमेश दास की लाश मिली थी. जानकारी मिलने पर पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे तो देखा कि मृतक के चेहरे पर चोट के गंभीर निशान हैं. उन्होंने मामले की सूचना एसपी को देते हुए मृतक के परिजनों को सूचित किया. मृतक के घरवाले पहुंचे और शव की शिनाख्त की.
बाद में मृतक के भाई राजदेव दास ने हत्या की आशंका जताते हुए थाना में आवेदन दिया था. हत्या की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसपी डॉ. बिमल ने कांड के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-2) कौशर अली के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी. टीम में इंस्पेक्टर मंटू कुमार, थाना प्रभारी राजीव कुमार के अलावा अवर निरीक्षक सोनू कुमार वर्मा, प्रशांत कुमार सिंह, आरक्षी अमरजीत सिंह और बाबूधन हांसदा को शामिल किया गया.
साइकिल की लेनदेन में हत्या
पुलिस की जांच में हत्या के पीछे मृतक का साथियों के साथ विवाद सामने आया. इसके बाद पुलिस कड़ी को जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच गई. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में हत्या में संलिप्तता स्वीकार कर ली है. एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि अभी तक यह बात साफ हुई है कि इनके बीच आपसी मनमुटाव चल रहा है. साइकिल लेनदेन की बात सामने आई है. अभी आगे की जांच चल रही है. आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.


