रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री कड़िया मुंडा से भगवान महावीर मेडिका सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल, रांची जाकर उनका कुशलक्षेम जाना एवं वहां उपस्थित डॉक्टरों से उनके उपचार की जानकारी ली. इस मौके पर उन्होंने कहा कि मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ.

बता दें कि पिछले दिनों कड़िया मुंडा की तबीयत खराब हो गई थी. तबीयत खराब होने के बाद खूंटी के सिविल सर्जन डॉ.नागेश्वर मांझी ने उनके घर जाकर स्वास्थ्य जांच की थी. स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें मंगलवार को रांची रेफर किया गया. जांच के बाद उन्हें मेडिका अस्पताल में भर्ती किया गया. आज इसी को लेकर राज्यपाल संतोष गंगवार उनसे मिलने और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने मेडिका अस्पताल पहुंचे.


