ग्रैंड कॉर्ड पैसेंजर्स एसोसिएशन ने रेल मंत्रालय के सामने रखे कई प्रस्ताव, गया जंक्शन पर अतिरिक्त वाशिंग पिट बनाने की भी मांग
गया, 26 नवंबर 2026। धार्मिक और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण गया में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई गई है। ग्रैंड कॉर्ड पैसेंजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके जैन ने गया जंक्शन के आधुनिकीकरण और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए रेल मंत्रालय को कई सुझाव भेजे हैं।
एसोसिएशन ने गया से मुंबई के बीच प्रतिदिन नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया है। इसके साथ ही अहमदाबाद, सूरत, पुणे, सिकंदराबाद, बेंगलुरु और एर्नाकुलम के लिए भी सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की गई है। गया जंक्शन पर अतिरिक्त वाशिंग पिट के निर्माण का सुझाव भी दिया गया है।
दुरंतो और एकात्मा एक्सप्रेस को लेकर प्रस्ताव
एसोसिएशन ने ट्रेन संख्या 12259 और 12260 दुरंतो एक्सप्रेस का गया जंक्शन पर ठहराव देने का आग्रह किया है। वहीं, गया-लखनऊ एकात्मा एक्सप्रेस की ट्रेन संख्या 14259, 14260, 14261 और 14262 को रोजाना संचालित करने की मांग रखी गई है।
गया-किऊल रेलखंड पर बढ़ाई जाएं लंबी दूरी की ट्रेनें
गया-किऊल रेलखंड पर भी नई लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की जरूरत बताई गई है। एसोसिएशन अध्यक्ष डीके जैन ने गया-कामाख्या एक्सप्रेस (15619/15620) को साप्ताहिक के बजाय दैनिक करने का प्रस्ताव दिया है।
इसके अलावा गया-चेन्नई एक्सप्रेस (12389/12390) के फेरों में वृद्धि और उपलब्ध रैक का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की मांग भी रेल मंत्रालय से की गई है।
जीतन राम मांझी ने रेल मंत्री को लिखा था पत्र
गया में रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने का मुद्दा पहले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के समक्ष भी उठाया गया था। इसके बाद उन्होंने रेल मंत्री को पत्र लिखकर आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया था। अब रेल मंत्री की ओर से भेजे गए जवाब की प्रति भी ग्रैंड कॉर्ड पैसेंजर्स एसोसिएशन को उपलब्ध कराई गई है।
एसोसिएशन ने मंत्रालय से सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। मांगें पूरी होने पर गया के अलावा आसपास के जिलों के यात्रियों, पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिल सकती है।
