गयाजी, 5 नवंबर 2026। बिहार के गयाजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पंजाब की रहने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
दोनों महिलाएं थाईलैंड से थाई एयरवेज की फ्लाइट से गयाजी पहुंची थीं। अधिकारियों के अनुसार, गांजे को चार अलग-अलग बैग में छिपाकर रखा गया था।
एक्सरे जांच में हुआ संदिग्ध सामान का खुलासा
एयरपोर्ट पर यात्रियों के सामान की नियमित जांच के दौरान एक्सरे मशीन में दोनों महिलाओं के बैग में संदिग्ध सामान दिखाई दिया। इसके बाद सीआरपीएफ सहित अन्य सुरक्षा कर्मियों ने उनके सामान की गहन जांच की।
शुरुआत में महिलाओं ने अपने पास किसी प्रतिबंधित सामान के होने से इनकार किया। हालांकि, जांच के दौरान चार अलग-अलग बैग से करीब 10 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद सीआईएसएफ और कस्टम विभाग के अधिकारियों ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
आठ घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तारी
कस्टम अधिकारियों ने दोनों महिलाओं से करीब आठ घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उनके स्थानीय पते और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
छह लोगों का समूह गया था थाईलैंड
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चार दिन पहले छह लोगों का एक समूह थाईलैंड गया था। बुधवार को उसी समूह की दो महिलाएं कथित तौर पर गांजे की खेप के साथ गयाजी लौटीं। समूह के बाकी चार सदस्य अब तक एयरपोर्ट नहीं पहुंचे हैं। जांच एजेंसियां इस समूह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर सकती हैं।
एयरपोर्ट निदेशक ने क्या बताया?
गयाजी एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि थाईलैंड के लिए शुरू हुई नई विमान सेवा से चार दिन पहले एक समूह रवाना हुआ था, जिसकी दो महिलाएं गांजे की खेप के साथ लौटीं। पूछताछ और कानूनी कार्रवाई में अधिक समय लगने के कारण संबंधित एजेंसी उन्हें उसी दिन अपने साथ नहीं ले गई थी। इस दौरान दोनों महिलाओं को एयरपोर्ट के गेस्ट हाउस में सीआईएसएफ की कड़ी सुरक्षा में रखा गया। निदेशक के अनुसार, उन्हें अगले दिन पटना ले जाया जाना था।
BHARATSUPERFASTNEWS
