Saturday, April 11, 2026

गढ़वा में छात्र को स्कूल के कमरे में बंद रखकर सिर और पैर दबवाने के मामले में तीन शिक्षकों पर गाज गिरी है.

Share

गढ़वा: जिले के भवनाथपुर प्रखंड की पंडरिया पंचायत स्थित राजकीय उत्क्रमित प्राथमिक मध्य विद्यालय बेलपहाड़ी के शिक्षक बबन सिंह और धीरेंद्र पाल पर कक्षा दो के छात्र को दो घंटे तक कमरे में बंद कर सिर और पैर दबवाने तथा गंदी-गंदी गालियां देने का आरोप लगा है.

मामला सामने आने के बाद अभिभावकों ने विरोध दर्ज कराया था. वहीं, दूसरी तरफ शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के बाद डीसी ने मामले में तीन शिक्षकों पर कार्रवाई की है. डीसी ने एक शिक्षक को बर्खास्त कर दिया है और दूसरे शिक्षक को निलंबित कर दिया है. साथ ही तीसरे शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

छुट्टी के बाद भी शिक्षकों ने छात्र को अपने साथ रखा

अभिभावक का आरोप है कि चार दिन पहले उत्क्रमित प्राथमिक मध्य विद्यालय बेलपहाड़ी में दोपहर में करीब 2:30 बजे छुट्टी के बाद सरकारी शिक्षक बबन सिंह और सहयोगी शिक्षक धीरेंद्र पाल ने कक्षा दो के एक छात्र को घर जाने से रोककर रखा. इतना ही नहीं एक कमरे में ले गए, जहां कमरा बंद कर छात्र से दो घंटे तक सिर और पैर दबवाया. साथ ही यह बात किसी को नहीं बताने की बात कही. छात्र करीब दो घंटे तक दोनों शिक्षकों का सिर और पैर दबाता रहा. जिसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.

इधर, विद्यालय में छुट्टी के बाद भी जब छात्र घर नहीं पहुंचा तो उसके पिता ने अपने पुत्र की खोजबीन शुरू की. वह विद्यालय पहुंच गए और शिक्षक प्रदीप पाल से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि छात्र विद्यालय में ही है. इसके बाद माता-पिता अपने पुत्र को विद्यालय से लेकर घर आए. छात्र ने घर पहुंचकर माता-पिता को आपबीती सुनाई. जिसे सुनकर परिजन आक्रोशित हो गए, लेकिन तब तक विद्यालय बंद हो चुका था.

अभिभावक ने की थी कार्रवाई की मांग

दूसरे दिन छात्र के पिता ने ग्रामीणों के साथ विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक अखलाक अंसारी को घटना की जानकारी दी और मामले में कार्रवाई की मांग की. अभिभावकों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी दो बार इसी तरह की बात हुई है.

वहीं, विद्यालय में पढ़ने वाले अन्य छात्रों ने बताया कि सोमवार को शिक्षक बबन सिंह और धीरेंद्र पाल कक्षा दो के एक छात्र को एक कमरे में ले जाकर सिर और पैर दबवा रहे थे. साथ ही उसे गंदी-गंदी गालियां भी दे रहे थे. छात्रों का कहना है कि उन्होंने इस पूरे प्रकरण को खिड़की से झांक कर देखा था.

शिक्षकों ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

आरोपी शिक्षक धीरेंद्र पाल और बबन सिंह से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने इस आरोप को बेबुनियाद बताया. वहीं, प्रधानाध्यापक अखलाक अंसारी ने बताया कि बबन सिंह का आचरण ठीक नहीं है. कई बार विभाग को लिखित और मौखिक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई थी.

डीसी ने की कार्रवाई

हालांकि सोशल मीडिया पर मामले का वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद डीसी एक्शन में दिखे. उन्होंने तत्काल एक टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए. टीम ने जांच में मामले को सही पाया. जिसके बाद डीसी ने आरोपी शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई की है. डीसी ने आरोपी शिक्षक धीरेंद्र पाल को बर्खास्त कर दिया है. जबकि बबन सिंह को निलंबित किया और प्रधानाध्यापक पर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की है.

Student Abused In Garhwa

Read more

Local News