Sunday, April 12, 2026

खूंटी पुलिस ने सात लड़कियों को दिल्ली से रेस्क्यू किया है. ये सभी लड़कियां मानव तस्करी की शिकार थीं.

Share

खूंटीः मानव तस्करी की शिकार सात लड़कियों को खूंटी पुलिस ने दिल्ली से रेस्क्यू किया है. सभी लड़कियों को पुलिस खूंटी लेकर आ गई है. मानव तस्करों ने बहला-फुसलाकर लड़कियों को दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में बेच दिया था. खूंटी एसपी अमन कुमार ने इसकी पुष्टि की है.

खूंटी पुलिस टीम गई थी दिल्ली

एसपी ने बताया कि लड़कियों की तलाश में खूंटी पुलिस की टीम 15 दिनों पहले दिल्ली गई थी. पुलिस की टीम ने दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से सात नाबालिग और तीन बालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया. जिसमें से सात लड़कियों को पुलिस टीम दिल्ली से लेकर खूंटी पहुंच गई है. इस रेस्क्यू अभियान में एक नाबालिग नहीं मिली, जिसका वीडियो पुलिस को मिला था. पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है.

जारी रहेगा मानव तस्करी के खिलाफ अभियान

एसपी अमन कुमार ने कहा कि मानव तस्करी के विरुद्ध खूंटी पुलिस का अभियान जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि मिसिंग मामलों में हर छह महीने में टीम लापता बच्चियों को ढूंढने के लिए पुलिस की टीम दिल्ली सहित कई बड़े शहरों के लिए निकलती है.

एक लड़की ने लौटने से किया इनकार

एसपी ने बताया कि इस रेस्क्यू अभियान के दौरान एक लड़की ऐसी मिली जिसे 27 साल पहले मानव तस्करों में दिल्ली में बेच दिया था, तब वह मात्र 13 साल की थी. लड़की अब शादीशुदा है और अपने परिवार के साथ नोएडा में रहती है. उसने खूंटी लौटने से इनकार कर दिया है.उसका संपर्क खूंटी में रहने वाले उसके परिजनों से करा दिया गया है. एसपी ने बताया कि रेस्क्यू की गई लड़कियों में पांच लड़की खूंटी के विभिन्न थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं. वहीं एक बच्ची सरायकेला खरसावां और एक गिरिडीह जिले रहने वाली हैं.

मानव तस्करों के विरुद्ध होगी कार्रवाई

एसपी ने बताया कि मानव तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर टीम छापेमारी कर रही है. उन्होंने बताया कि कुछ तस्करों की मौत पूर्व में हो चुकी है, जबकि जो जीवित हैं उनकी तलाश की जा रही है. उन्होंने बताया कि कर्रा क्षेत्र से तस्करी की गई नाबालिग लड़की पुलिस को नहीं मिली है. उसे बचने वाला तस्कर रांची जेल में बंद है. जल्द ही उसे रिमांड पर लिया जाएगा और पूछताछ की जाएगी.

लड़कियों से लिया जाता था घरेलू काम

एसपी ने बताया कि खूंटी की नाबालिग लड़कियों को गुड़गांव, हरिद्वार, नोएडा, पानीपत, दिल्ली के विभिन्न इलाकों में बेचा गया था, जहां लड़कियों से घरेलू काम लिया जाता था.

टीम में ये थे शामिल

एसपी अमन कुमार के निर्देशन में गठित टीम में एएचटीयू थाना प्रभारी फुलमनी टोप्पो के नेतृत्व में बनाई गई टीम में सहायक उप निरीक्षक रमजानुल हक, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अफताफ खान, महिला आरक्षी आरती और प्रिया कुमारी ने संवेदनशीला के साथ काम करते हुए दिल्ली, गुड़गांव और पंजाब के विभिन्न इलाकों में संबंधित क्षेत्र की पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर खूंटी समेत राज्य के अन्य जिलों से मानव तस्करी की शिकार बच्चियों को रेस्क्यू किया है.

Read more

Local News