Thursday, May 21, 2026

खाद्य सामानों में हुई वृद्धि का असर रांची के बाजार में भी देखने को मिल रहा है.

Share

रांची: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक सप्ताह के अंदर दो बार हुई वृद्धि से परिवहन और लॉजिस्टिक्स की लागत 3 से 4 % तक बढ़ गई है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ता पर पड़ रहा है. एक तरफ पेट्रोल-डीजल की किल्लत और दूसरी ओर इसके बढ़ रहे दाम से रांची के बाजार तक पहुंचने वाले सामानों पर भी असर पड़ा है.

सप्लाई चेन में आ रही बाधा से फल, सब्जी, अनाज, तेल, रिफाइन और दूध जैसी रोजमर्रा की चीजों के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं. डेयरी प्रोडक्ट के दाम अमूल कंपनी द्वारा बढ़ाए जाने के बाद झारखंड का अपना उत्पाद मेधा ने भी दूध सहित अन्य सामानों के दाम बढ़ा दिए हैं. इसी तरह रोजमर्रा की चीजें चावल, दाल, सरसों तेल, रिफाइन जैसी वस्तुओं के दाम बढ़ने लगे हैं.

रांची के अपर बाजार के व्यवसायी संजय कुमार कहते हैं कि पिछले एक सप्ताह के अंदर चावल, सरसों तेल, रिफाइन जैसी खाद्य सामग्रियों के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है. हमलोग भी चिंतित हैं कि आखिर बाजार का क्या हो रहा है, क्योंकि बाजार में अस्थिरता बनी हुई है. सरसों तेल के दाम 5 से 10 रुपये तक बढ़ चुके हैं. इसी तरह चीनी में भी तीन से चार रुपए की वृद्धि हुई है. चावल के दाम में भी दो से तीन रुपए प्रति किलो वृद्धि हुई है.

महंगाई की मार से जनता परेशान

पेट्रोल-डीजल की किल्लत और इसके दाम में हो रही वृद्धि ने आम उपभोक्ताओं को चिंता में डाल दिया है. बाजार में हर दिन सामान के दाम बढ़ने से उपभोक्ता बेहद ही परेशान हैं. राजेंद्र महतो कहते हैं कि बाजार में सामान के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, खासकर खाने पीने के समान जो बाहर से हमारे यहां आता है, उसके दाम में लगातार वृद्धि हो रही है. युद्ध के कारण सप्लाई चैन बाधित हुई है और पेट्रोल-डीजल नहीं मिलने की वजह से दूसरे राज्यों से सामान आने में परेशानी हो रही है.

जाहिर तौर पर हर दिन उपभोग होने वाले सामान के नहीं मिलने और ऊंचे दाम पर बाजार में पहुंचने से उपभोक्ता पर असर पड़ेगा. घर का राशन लेने पहुंचे विशाल वर्मा कहते हैं कि जिस तरह सामान के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, उस अनुपात में सैलरी तो नहीं बढ़ रही है. ऐसे में सबकुछ भगवान भरोसे चल रहा है. बहरहाल अमेरिका-ईरान जंग की वजह से बुरी तरह बाजार प्रभावित हो रहा है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ता पर पड़ रहा है.

Read more

Local News