क्रिस्टोफर नोलन भारत में अपनी पहली फिल्म के प्रीमियर के साथ इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. ऑस्कर विजेता फिल्म निर्माता ‘द ओडिसी’ की रिलीज से पहले दो दिन के दौरे के लिए मुंबई आएंगे. यह हिस्टोरिकल इवेंट भारत में आयोजित होने वाले सबसे बड़े हॉलीवुड प्रीमियर में से एक होने की उम्मीद है. भारतीय ऑडियंस क्रिस्टोफर नोलन की फैन है और उनकी फिल्मों को देखने के लिए अपना कीमती समय देती हैं.
- फिल्म ‘द ओडिसी’ का भारत में प्रीमियर आने वाली 10 और 11 जुलाई को मुंबई में होगा, जो फिल्म की वर्ल्डवाइड सिनेमाघरों में रिलीज से कुछ ही दिन पहले है. प्रीमियर स्क्रीनिंग के अलावा, क्रिस्टोफर नोलन और फिल्म के कलाकार अपने दौरे के दौरान प्रमोशन इवेंट में भी भाग लेंगे. यह फिल्म 17 जुलाई को रिलीज होने के लिए तैयार है.
- फिल्म का प्रीमियर मुंबई के फीनिक्स पैलेडियम स्थित पीवीआर आइकॉन में होगा. खबरों के मुताबिक, आईमैक्स स्क्रीनिंग के लिए एडवांस बुकिंग में पहले से ही दर्शकों की भारी मांग देखी जा रही है, जो नोलन की इस नई फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्सुक हैं.
- इस कार्यक्रम में क्रिस्टोफर नोलन, उनकी पत्नी और निर्माता एम्मा थॉमस, मैट डेमन और टॉम हॉलैंड शामिल होंगे. भारत में नोलन का यह पहला आधिकारिक प्रचार इवेंट है, जो फिल्म निर्माता और भारतीय सिनेमा दर्शकों दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
- होमर के कालजयी ग्रीक महाकाव्य पर आधारित, द ओडिसी ट्रोजन युद्ध के बाद ओडीसियस (मैट डेमन अभिनीत ) की खतरनाक घर वापसी की यात्रा की कहानी है. फिल्म में टॉम हॉलैंड, ऐनी हैथवे, जेंडाया, रॉबर्ट पैटिन्सन, लुपिता न्योंगो और चार्लीज थेरॉन जैसे सितारों का शानदार समूह है. यह पूरी तरह से आईमैक्स फिल्म पर शूट की गई. पहली मुख्यधारा की ब्लॉकबस्टर फिल्म भी है.
भारत में हिट हुई क्रिस्टोफर नोलन की ये फिल्में
क्रिस्टोफर नोलन की भारत में लंबे समय से बड़ी संख्या में फैंस हैं, और उनकी फिल्में जैसे इंसेप्शन, इंटरस्टेलर, डनकर्क और ओपेनहाइमर ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है. उनकी किसी फिल्म का भारत में पहली बार प्रीमियर करने का निर्णय देश के बढ़ते सिनेमाई मार्केट और बड़े फॉर्मेट के सिनेमाई अनुभवों के प्रति उत्साही दर्शकों को दर्शाता है.


