कहते हैं An apple a day keeps the doctor away. इसी उद्देश्य से हर साल सितंबर के हर तीसरे शनिवार को ‘Eat an Apple Day’ मनाया जाता है. आज के समय में आप बच्चों के टिफिन या लंब बॉक्स के साथ फ्रूट के डब्बे जरूर भेजते होंगे. कई बार डब्बा खुलते ही काला सेब देख खाने का मन नहीं करता है. आपने कई दफा देखा होगा कि सेब काटने के कुछ मिनट बाद ही वो भूरा रंग का हल्का सा मैला लगने लगता है, तो मन भी उससे दूर भागने लगता है. सेब के इस रंग बदलने के पीछे का साइंस आपको बताएंगे. इसे कितनी देर में खा लेना चाहिए? और अगर कटा हुआ सेब छोड़ दिया जाए, तो वह कब तक खाने लायक रहता है?
सेब एक ऐसा फल है जो हर किसी को पसंद होता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर सेब काटने के बाद काला क्यों जाता है? क्या ऐसे सेब सेहत के लिए सुरक्षित हैं या नहीं. इन सवालों के जवाब जानना आपके स्वास्थ्य के लिए भी ज़रूरी है. इन तमाम पहलुओं पर ETV भारत की टीम ने DDU में फिजिशियन डॉक्टर कपिल और न्यूट्रिशनिस्ट विपाशा से इसके बारे में विस्तार से बात की है
सेब काटने के बाद क्यों हो जाता है काला?
“सेब का काला पड़ना एक रासायनिक प्रक्रिया है जिसे एंजाइमेटिक ब्राउनिंग कहा जाता है. जब आप सेब को काटते हैं, तो उसका भीतरी हिस्सा हवा के संपर्क में आता है. इसमें मौजूद एक एंजाइम, पॉलीफेनोल ऑक्सिडेज़ (Polyphenol Oxidase) हवा में मौजूद ऑक्सीजन के साथ मिलकर ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया शुरू करता है. इसके परिणामस्वरूप मेलानिन नामक एक भूरे रंग का तत्व बनता है, जो सेब के टुकड़ों को काला बना देता है. यह प्रक्रिया 5 से 10 मिनट के भीतर शुरू हो जाती है और 30 से 60 मिनट के अंदर सेब का रंग पूरी तरह बदल सकता है, खासकर गर्म और नमी वाले मौसम में.”
कटा हुआ सेब खाने के लिए कब तक सुरक्षित?
अब सवाल उठता है कि कटा हुआ सेब कितनी देर में खा लेना चाहिए. सेब का काला पड़ना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं होता, लेकिन इससे उसका स्वाद, बनावट और पोषण मूल्य कम हो सकता है. न्यूट्रिशनिस्ट विपाशा कहती हैं कि, “सेब को काटने के 20–30 मिनट के भीतर खा लेना सबसे उपयुक्त होता है. यदि तुरंत नहीं खा पा रहे हैं, तो सेब के टुकड़ों पर नींबू का रस लगाएं या हल्के नमक के पानी में डुबोकर रखें. इससे ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया धीमी होती है. कटा हुआ सेब फ्रिज में 6–8 घंटे तक सुरक्षित रह सकता है, लेकिन अधिक समय तक रखने से स्वाद और गुणवत्ता बिगड़ सकती है.”
सेब को सड़ने में कितना समय लगता है?
सेब की शेल्फ लाइफ इस बात पर निर्भर करती है कि वह साबुत है या कटा हुआ, और उसे कैसे स्टोर किया गया है. साबुत सेब कमरे के तापमान पर 7–14 दिन तक सुरक्षित रख सकते हैं, जबकि फ्रिज में 3–5 हफ्ते तक सेब सुरक्षित रख सकते हैं. वहीं, कटा हुआ सेब कमरे के तापमान पर 6–12 घंटे में सड़ने की संभावना है. फ्रिज में एक दिन तक ठीक, इसके बाद रंग, गंध और स्वाद बदल सकते हैं.
- ऐसे सेब के सेवन से बचें:सड़ने के लक्षणों में गंध आना, दाग-धब्बे, नरम या गीला हो जाना, और फंगस लगना शामिल हैं. ऐसे सेब का सेवन करने से बचें.
- ब्राउनिंग रोकने के घरेलू उपाय:नींबू के रस का इस्तेमाल करें. इसमें साइट्रिक एसिड होता है, जो ऑक्सीडेशन को धीमा करता है
- टुकड़ों को एयरटाइट कंटेनर में रखें:सेब को हल्के नमक या चीनी के पानी में 5 मिनट भिगोकर रखें और फिर सूखा लें. सेब को काटने के बाद तुरंत ठंडे पानी में डालें या फ्रिज में रखें
बच्चों के टिफिन में ऐसे पैक करें सेब?
न्यूट्रिशनिस्ट विपाशा के अनुसार, सेब एक अत्यंत पौष्टिक फल है, लेकिन काटने के बाद उसका काला पड़ना एक सामान्य रासायनिक प्रतिक्रिया है. कोई खराबी नहीं. फिर भी, इसे समय रहते खाना ही समझदारी है ताकि आप इसके स्वाद और पोषण दोनों का भरपूर लाभ उठा सकें. अगर आप सेब को बच्चों के टिफिन या आउटडोर खाने के लिए पैक कर रहे हैं, तो सेब के टुकड़ों को एयरटाइट कंटेनर में जरूर अपनाएं.


