Sunday, May 3, 2026

कोहरे के कारण पटना जंक्शन सहित राजधानी के विभिन्न स्टेशनों पर आने वाली कुल 37 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से विलंब से पहुंचीं।

Share

शनिवार को पटना में घने कोहरे के कारण रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। पटना जंक्शन पर आने वाली कुल 37 ट्रेनें 40 मिनट से 8 घंटे तक देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस सबसे अधिक आठ घंटे 25 मिनट विलंब से चली। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है

पटना। उत्तर भारत में छाए घने कोहरे का असर शनिवार को रेल परिचालन पर भी साफ दिखा। कोहरे के कारण पटना जंक्शन सहित राजधानी के विभिन्न स्टेशनों पर आने वाली कुल 37 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से विलंब से पहुंचीं।

ये ट्रेनें 40 मिनट से लेकर 8 घंटे तक देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंबी दूरी की कई प्रमुख ट्रेनें गंभीर रूप से प्रभावित रहीं। राजेंद्र नगर टर्मिनल–नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 8 घंटे 25 मिनट की देरी से पहुंची, जबकि कामाख्या–दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल लगभग सात घंटे 39 मिनट विलंब से चली।

इसी तरह बिलासपुर–बक्सर सुपरफास्ट एक्सप्रेस सात घंटे से अधिक देरी से पटना क्षेत्र में पहुंची। दिल्ली से कामाख्या जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल भी करीब 4 घंटे 41 मिनट लेट रही।

इसके अलावा कुंभ एक्सप्रेस, आनंद विहार–भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस समेत कई अन्य मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहा।

स्थानीय और मेमू ट्रेनों पर भी कोहरे का असर पड़ा। गया–पटना मेमू और राजगीर–पटना पैसेंजर स्पेशल करीब एक घंटे से अधिक देरी से चलीं।

ट्रेनों के विलंब से प्लेटफार्मों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। कई यात्रियों ने ठंड और कोहरे में लंबा इंतजार करने को मजबूरी बताया। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। प्रशासन के अनुसार, कोहरे की स्थिति सामान्य होने तक ट्रेनों की गति नियंत्रित रखी जा रही है, ताकि सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।

Read more

Local News