Wednesday, April 1, 2026

केंद्र सरकार के निर्देश पर बिहार के 30 हजार मध्य और 9 हजार माध्यमिक विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा जागरूकता अभियान चलेगा।

Share

केंद्र सरकार के निर्देश पर बिहार के 30 हजार मध्य और 9 हजार माध्यमिक विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा जागरूकता अभियान चलेगा। कक्षा आठवीं से बारहवीं तक के छात्र, विशेषकर दिव्यांग बच्चे, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से डिजिटल कौशल सीखेंगे।

पटना। केंद्र सरकार के निर्देश के आलोक में प्रदेश के करीब 30 हजार सरकारी मध्य औरनौ हजार माध्यमिक विद्यालयों में डिजिटल एजुकेशन के प्रति जागरूकता अभियान चलेगा। कक्षा आठवीं से बारहवीं तक के छात्र-छात्राएं एआई से डिजिटल कौशल के बारे में जानेंगे और सीखेंगे।

दिव्यांग बच्चे भी डिजिटल कौशल में उड़ान भरेंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से स्कूली बच्चों को ट्रेनिंग देकर रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ा जाएगा।

इसके लिए राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद ने एआई टूल्स के माध्यम से डिजिटल शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्यक्रम तैयार किया है।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर के स्तर से आठवीं से बारहवीं कक्षा तक के बच्चों को एआई से डिजिटल कौशल को बढ़ावा देने का निर्देश सभी जिलों को दिया गया है।

दीक्षा प्लेटफॉर्म

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के एक अधिकारी ने बताया कि एआई के दखल से शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आ रहा है। इसके तहत दीक्षा प्लेटफॉर्म में एआई से वीडियो सर्च और रीड अलाउड टूल जैसी सुविधाएं हैं, जो छात्रों के लिए बहुत उपयोगी हैं।

उन्होंने कहा कि छात्रों को एआई और डिजिटल कौशल के बारे में जागरूकता लाना और दक्ष बनाना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य के लिए तैयार हों। हाल ही दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई समिट में केंद्र की ओर से कई सुझाव एवं निर्देश दिए गए थे।

उस निर्देश के आलोक में शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली शिक्षा में एआई और डिजिटल कौशल को लेकर कई कदम उठाया जा रहा है। आने वाले समय में आठवीं से नीचे कक्षा छह और सात में भी एआई और डिजिटल कौशल के बारे में बच्चों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

Read more

Local News