रांची : कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी के राजू जवाबदेही मिलने के बाद पहली बार 21 फरवरी को झारखंड आ रहे हैं. वह 25 फरवरी तक झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे. झारखंड प्रवास के दौरान वह राज्य के दर्जन भर से ज्यादा जिलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. पार्टी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि वह 21 फरवरी को कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे.
22 फरवरी को जाएंगे चाईबासा
कांग्रेस प्रभारी के राजू कल से झारखंड दौरे पर रहेंगे. वह 25 फरवरी तक विभिन्न जिलों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे.के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जानकारी दी है कि प्रदेश प्रभारी के राजू कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन सशक्तीकरण पर विचार-विमर्श करेंगे. 22 फरवरी को वह चाईबासा जायेंगे. जहां वे चाईबासा, सरायकेला और जमशेदपुर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन की अद्यतन स्थिति से अवगत होंगे.
23 फरवरी को बोर्ड-निगम के सदस्यों के साथ करेंगे बैठक
प्रदेश प्रभारी के राजू 23 फरवरी को बोर्ड-निगम के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद वह पार्टी के मंत्रियों व विधायकों के साथ वन टू वन मिलेंगे और संगठन का फीडबैक लेंगे. 24 फरवरी को हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, और रामगढ़ में जिलाध्यक्ष, प्रखंड और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे. 25 फरवरी को रांची के लापुंग में खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रांची महानगर और ग्रामीण जिला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे.