Thursday, March 26, 2026

कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद अपनी ही सरकार पर जमकर बरसीं.

Share

रांची: कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और बड़कागांव से पूर्व विधायक रहीं अम्बा प्रसाद ने अपनी ही सरकार को विधि-व्यवस्था को लेकर कठघरे में खड़ा किया है. रांची प्रेस क्लब में अंबा प्रसाद ने हजारीबाग के विष्णुगढ़ इलाके में एक 13 वर्षीय बच्ची के साथ अमानवीय व्यवहार के बाद की गई हत्या, राजधानी रांची में एक के बाद एक कई पेट्रोल पंपों पर लूट की घटनाओं और जमशेदपुर में घटी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उनका घर ढहाने में ‘सुपर कॉप’ बनी झारखंड पुलिस अपराध को रोकने और अपराधियों पर नकेल कसने में फेल साबित हुई है.

अंबा प्रसाद ने इस क्रम में राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज स्थिति यह है कि व्यवसायी शाम होते ही अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दे रहे हैं.

पुलिस अपराध रोकने में फेल, घर तोड़ने में सुपर कॉप

अंबा प्रसाद ने कहा कि पहले हत्या के मामले में गुमला एक नंबर पर होता था, लेकिन अब राजधानी रांची अपराध की राजधानी बन चुकी है. जामताड़ा साइबर फ्रॉड में विश्व पटल पर ख्याति प्राप्त कर चुका है. पुलिस घर तोड़ने के लिए सुपर कॉप बन जाती है, लेकिन हत्या की घटनाएं रोकने में क्यों ऐसी तत्परता नहीं दिखाती, यह एक बड़ा सवाल है.

डीजीपी का पद भी भाड़े पर चल रहा है

अंबा प्रसाद ने कहा कि राज्य की पुलिस मुखिया का पद भी भाड़े पर चल रहा है. रिटायरमेंट के बाद डीजीपी की नियुक्ति की गई है और लोगों का पुलिस पर भरोसा उठ चुका है. पहले पुलिस का नंबर 100 था और सौ बार कॉल करने के बाद भी फोन नहीं उठाया जाता था, अब 112 कर दिया गया है और उतना बार कॉल करने के बाद भी नंबर नहीं उठा रही है. उन्होंने कहा कि बड़कागांव की एक बच्ची गायब है, लेकिन एफआईआर दर्ज करने के लिए उसके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ रही है.

हेमंत सरकार पर सवालिया निशान

हेमंत सरकार पर सवालिया निशान खड़ा करते हुए अंबा प्रसाद ने कहा कि झारखंड में सत्ता स्वतंत्र होने की बजाय प्रायोजित हो गई है. झारखंड पुलिस का रिमोट तो सरकार के पास है, लेकिन इसका बैटरी अमित शाह के पास है. राज्य की जनता टैक्स भर रही है, लेकिन उन्हें सरकार और प्रशासन से सुरक्षा नहीं मिल रही है. संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र समेत अन्य क्षेत्रों की भी समस्याओं का जिक्र किया.

झामुमो का बीजेपी से रिश्ता

अंबा प्रसाद ने कहा कि वह देखती हैं कि भाजपा के लोगों की सरकार में ज्यादा सुनी जा रही है. असम में झामुमो के अकेले चुनाव लड़ने और अन्य उदाहरणों के साथ कहा कि ऐसा लगता है कि झामुमो का विवाहेत्तर संबंध भाजपा के साथ चल रहा है.

दो-चार लोगों से ही कांग्रेस नहीं

कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी पर पूरा भरोसा है. उन्होंने विस्थापन और मुआवजा के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखने को कहा है. अंबा प्रसाद ने कहा कि दो-चार लोगों से ही कांग्रेस नहीं है.

Read more

Local News