झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) असम विधानसभा चुनाव 2026 को पहली बार पूरी गंभीरता से लड़ रहा है. पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेता असम के विभिन्न इलाकों में डेरा डाले हुए हैं. जहां झामुमो ने प्रत्याशी उतारे हैं, वहां हर दिन चुनावी सभाएं आयोजित हो रही हैं.
कल्पना सोरेन ने की गोसाईंगांव में जोरदार चुनावी सभा
इसी क्रम में असम के गोसाईंगांव विधानसभा क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी फेड्रिक्सन हांसदा (Phedricson Hasda) के समर्थन में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया. सभा में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और कल्पना सोरेन की एक झलक पाने के लिए उत्साह देखा गया.
कल्पना सोरेन ने कहा, “असम के जनजातीय समुदाय के हितों की रक्षा का प्रण लेकर झामुमो इस चुनावी समर में उतरा है. असम के आदिवासियों के हितों की रक्षा अब झामुमो की जिम्मेदारी है.” उन्होंने जोर देकर कहा कि यह चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं, बल्कि इतिहास रचने वाला चुनाव है. यहां की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और नतीजे आने पर सब हैरान रह जाएंगे. झामुमो के पक्ष में परिणाम आएंगे.

चाय बागान मजदूरों और आदिवासियों पर फोकस
कल्पना सोरेन ने चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों का जिक्र करते हुए कहा, “चाय बागान के मजदूरों को उनका हक-अधिकार दिलाने के लिए झामुमो प्रतिबद्ध है और आगे भी रहेगा. आपका एक-एक वोट बहुमूल्य है. आपका एक वोट असम में रहने वाले आदिवासी समुदाय को मजबूती प्रदान करेगा.” उन्होंने बताया कि जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन असम आए और यहां की स्थिति देखी, तो उन्हें महसूस हुआ कि हमारे अपने लोग (झारखंड से आए) कितनी पीड़ा में जी रहे हैं. झामुमो झारखंड में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं को असम में भी लागू करने के लिए यहां आया है.

कल्पना सोरेन ने कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य बड़े बुजुर्गों को दवाई उपलब्ध कराना, बच्चों को अच्छी पढ़ाई, चाय बागान एवं अन्य मजदूरों की समस्याओं का समाधान, टी-ट्राइब (चाय जनजाति) को जनजाति का दर्जा दिलाना है.
अन्य नेताओं की अपील
सभा को संबोधित करते हुए सिंहभूम लोकसभा सांसद जोबा मांझी और झामुमो विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने भी लोगों से फेड्रिक्सन हांसदा को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने की अपील की.

कल्पना सोरेन का जनसंपर्क
चुनावी सभा के दौरान कल्पना सोरेन अपने चिरपरिचित अंदाज में लोगों के बीच रहीं. उन्होंने समर्थकों के साथ सेल्फी खिंचवाई और खुद सेल्फी ली. छोटी-छोटी बच्चियों को प्यार से गोद में उठाते हुए भी वे नजर आईं. भीड़ में कल्पना सोरेन की झलक पाने के लिए लोगों का उत्साह खासा देखने लायक था.

झामुमो ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 21 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं और आदिवासी तथा चाय बागान क्षेत्रों में मजबूत आधार बनाने की कोशिश कर रहा है. पार्टी नेतृत्व का दावा है कि असम में रह रहे झारखंड मूल के लोगों की पीड़ा को दूर करने और उनके अधिकार सुनिश्चित करने के लिए यह चुनाव महत्वपूर्ण है.


