‘करप्पु’ के डायरेक्टर आरजे बालाजी फिल्म में देरी के लिए सूर्या के फैंस से माफी मांगी है. इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया का सहारा लिया है. फैंस से माफी मांगते हुए वह भावुक भी हो गए. उन्होंने कहा है कि उम्मीद है कि शाम 6 बजे तक मामला सुलझ जाएगा.
‘करप्पु’ के मेकर्स गुरुवार सुबह सूर्या और तृषा कृष्णन स्टारर इस फिल्म को तय समय पर रिलीज नहीं कर पाए. फिल्म के सुबह और दोपहर के शो कैंसल कर दिए गए हैं, और अब सबकी नजरें शाम के शो पर टिकी हैं. फिल्म की रिलीज को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच डायरेक्टर और एक्टर आरजे बालाजी ने सोशल मीडिया पर आकर दर्शकों को संबोधित किया.
गुरुवार को आरजे बालाजी ने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने फिल्म की रिलीज में हुई देरी के बारे में बात की और उन फैंस से माफी मांगी जो बेसब्री से फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे थे.
तमिल में बोलते हुए यरेक्टर ने कहा, ‘आपको अपनी कार से एक और अपडेट दे रहा हूं. मुझे उम्मीद है कि ये आखिरी अपडेट होगा. मैं सभी फैंस से सच में माफी मांगता हूं. ऐसा नहीं होना चाहिए था. आप लोग तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और दूसरे राज्यों में सुबह 9 बजे फिल्म देखने के लिए दूर-दूर से थिएटर तक पहुंचे. ऐसा नहीं होना चाहिए था, और इसके लिए मैं माफी मांगता हूं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘लोग अपनी जिंदगी की चिंताओं को भूलने के लिए फिल्में देखते हैं. मैं उन सभी लोगों से सच में माफी मांग रहा हूं, जो यह जानकर परेशान हो गए कि वे फिल्म नहीं देख पाएंगे. मुझे भी इसकी उम्मीद नहीं थी. मुझे पूरी उम्मीद है कि सभी दिक्कतें दूर होने के बाद फिल्म शाम 6 बजे रिलीज हो जाएगी.’
बालाजी ने कहा कि उनकी हमेशा से यही इच्छा थी कि फिल्म 14 मई को रिलीज हो और कामयाब हो. उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने यही चाहता था कि ‘करप्पु’ 14 मई को रिलीज हो और ब्लॉकबस्टर बने. मुझे पूरी उम्मीद है. मेरी आंखों में आंसू आ रहे हैं, यही मेरा दर्द है. हर कोई आज शाम 6 बजे फिल्म रिलीज करने के लिए काम कर रहा है.’
उन्होंने पूरी टीम द्वारा की गई कोशिशों का ज़िक्र करते हुए कहा, ‘बहुत से लोगों ने बहुत सी चीजों का त्याग किया है. सूर्या सर ने बहुत कुछ किया है. देरी के लिए माफी, और आपको इस तनाव से गुजरने के लिए भी माफी. लेकिन, मुझे उम्मीद है कि यह सब सही हो जाएगा. मुझे विश्वास है कि फिल्म आज शाम रिलीज होगी, और आप सभी को यह पसंद आएगी.’.
डायरेक्टर ने अपना वीडियो संदेश एक उम्मीद भरे नोट पर खत्म किया. उन्होंने कहा, ‘जैसा कि मैं हमेशा कहता हूं, ‘करुप्पन वरन’ (करप्पुन आ रहा है). हमने बहुत सी मुश्किलों का सामना किया है और अभी भी कर रहे हैं. लेकिन, मुझे पूरा विश्वास है कि फिल्म आज शाम रिलीज हो जाएगी. भगवान हमारे साथ हैं. सब ठीक होगा. मैं फिर से माफी मांगता हूं, और मुझे उम्मीद है कि आप सभी को यह फिल्म पसंद आएगी.’


