रांची: झारखंड के 82 मॉडल विद्यालयों में कक्षा 6 के लिए नामांकन (सत्र 2026-27) के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा 28 मार्च को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:15 बजे तक किया जाएगा. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा संचालित इस प्रवेश परीक्षा का आयोजन राज्य के विभिन्न प्रखंडों में बनाए गए कुल 60 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा. इस संबंध में प्रशासन द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को भेज दिए गए हैं.
वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा प्रवेश पत्र
प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 20 मार्च 2026 से JAC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा, जिसे अभ्यर्थी डाउनलोड कर सकेंगे. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा संचालित सभी 82 मॉडल विद्यालयों में जैक बोर्ड के तहत अंग्रेजी माध्यम से कक्षा 6 से 12वीं तक पढ़ाई होती है.
19 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
झारखंड के 19 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में रांची, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, चतरा, कोडरमा, रामगढ़, लातेहार, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां शामिल हैं.
रांची जिले में अंगारा के आरके मिडिल स्कूल चिलदाग, बेरो के प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, बुर्मू के आरके मिडिल स्कूल ठाकुरगांव, चान्हो के यूपीजी हाई स्कूल, मांडर के आरके मिडिल स्कूल सोसाई आश्रम तथा बुंडू, कांके, खेलारी, लापुंग, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी, राहे, रातू, सिल्ली, सोनाहातु एवं तमाड़ प्रखंड के लिए यूपीजी मिडिल स्कूल अरसांडेय, कांके को केंद्र बनाया गया है.
इसी तरह गुमला जिले में गवर्नमेंट हाई स्कूल करंजटोली, रायडीह का एसएस हाई स्कूल, पालकोट का कंदर्प हाई स्कूल, बसिया और भरनो के आरके हाई स्कूल, कमडारा का ग्लोसाप मेमोरियल हाई स्कूल तथा सिसई और घाघरा के स्कूलों को केंद्र बनाया गया है. अन्य जिलों में भी प्रखंडवार विभिन्न हाई स्कूलों एवं +2 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है, जहां परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की गई है.
अभ्यर्थियों के लिए दिशा निर्देश
प्रशासन की ओर से सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखी जाए. साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें. यह परीक्षा मॉडल विद्यालयों में नामांकन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण में पढ़ने का मौका मिलेगा.


