एशियाई बाजारों में मजबूती के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार, 3 फरवरी को जोरदार तेजी के साथ बंद हुए. भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटकी व्यापार संधि (ट्रेड डील) की घोषणा से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और बाजार में बड़े पैमाने पर खरीदारी देखने को मिली. बैंकिंग, रिलायंस इंडस्ट्रीज और अदाणी समूह के शेयरों में तेज उछाल ने बाजार को मजबूत समर्थन दिया. इसके साथ ही रुपये में मजबूती और विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने भी तेजी को बल दिया.
लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बाजार में मजबूती बनी रही और बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी-50 पिछले दो दिनों में करीब 3.5 प्रतिशत तक चढ़ गए.
सेंसेक्स और निफ्टी में दमदार बढ़त
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स करीब 4,000 अंकों की मजबूती के साथ 85,323 अंक पर खुला. शुरुआती कारोबार में इसमें और तेजी देखी गई, हालांकि बाद में यह सीमित दायरे में कारोबार करता रहा. अंत में सेंसेक्स 2,072.67 अंक यानी 2.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,739.13 अंक पर बंद हुआ.
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी जोरदार उछाल के साथ 26,308 अंक पर खुला. कारोबार के दौरान यह लगभग 700 अंकों की बढ़त के साथ ट्रेड करता रहा. अंत में निफ्टी 639.15 अंक या 2.55 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,727.55 अंक पर बंद हुआ
टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स सबसे ज्यादा करीब 9 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ. इसके अलावा बजाज फाइनेंस, इंडिगो, पावर ग्रिड, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, एसबीआई, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, एक्सिस बैंक और टाइटन के शेयरों में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई. दूसरी ओर टेक महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में गिरावट देखने को मिली.
सभी सेक्टर हरे निशान में
कारोबार के अंत में सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए. निफ्टी रियल्टी इंडेक्स सबसे आगे रहा, जिसमें 4 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई. इसके अलावा निफ्टी केमिकल, फार्मा और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में भी 3 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली. मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूत खरीदारी रही
निवेशकों की संपत्ति में बड़ा इजाफा
ट्रेड डील की घोषणा के बाद बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों की संपत्ति में बड़ा उछाल आया. बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर 467.10 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में करीब 454.35 लाख करोड़ रुपये था. इस तरह निवेशकों की कुल संपत्ति में लगभग 12.74 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई.
वैश्विक बाजारों का हाल
वैश्विक स्तर पर भी बाजारों में सकारात्मक रुख देखने को मिला. एशियाई बाजारों में चीन का CSI 300, हांगकांग का हैंग सेंग, जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी बढ़त के साथ बंद हुए. वहीं, अमेरिकी बाजारों में भी डाउ जोंस, एसएंडपी 500 और नैस्डैक में मजबूती दर्ज की गई.
कमोडिटी बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली, जिससे सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने के संकेत मिले.


