Friday, September 18, 2026

एशियन गेम्स: बारिश ने बदला समीकरण, बांग्लादेश बिना खेले सेमीफाइनल में; पाकिस्तान ने थाईलैंड को हराया.

Share

नागोया : एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट स्पर्धा में बारिश ने क्वार्टर फाइनल के समीकरण बदल दिए। बांग्लादेश और चीन के बीच मुकाबला खराब मौसम और गीली आउटफील्ड के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया। बेहतर ICC टी20 रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश को सेमीफाइनल में जगह मिल गई, जबकि चीन का अभियान समाप्त हो गया।

दोनों टीमों के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला आइची प्रांत के निशिन शहर स्थित कारोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाना था। हालांकि, लगातार बारिश के कारण मैदान खेलने लायक नहीं रहा और मैच को रद्द करना पड़ा। बांग्लादेश की ICC टी20 रैंकिंग चीन से बेहतर होने के कारण उसे अंतिम चार में प्रवेश दिया गया। रैंकिंग में बांग्लादेश 10वें और चीन 36वें स्थान पर है।

दूसरी ओर, पाकिस्तान को थाईलैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। बारिश के कारण मुकाबला देर से शुरू हुआ और इसे घटाकर 11-11 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए थाईलैंड ने चार विकेट पर 91 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज एन कोंचारोएनकाइ ने 38 गेंदों पर 49 रन की पारी खेलकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

92 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने सात विकेट गंवा दिए, लेकिन 10.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। पाकिस्तान की ओर से शावाल जुल्फिकार ने 25 और फातिमा सना ने 21 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। थाईलैंड की गेंदबाजी में ऑफ स्पिनर ओनिचा कामचोम्फू ने तीन विकेट लिए, जबकि सुनिदा सी को दो सफलता मिली।

सेमीफाइनल में बांग्लादेश का सामना भारत और जापान के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले के विजेता से होगा। भारत और जापान के बीच मैच शुक्रवार को खेला जाना है, जबकि महिला क्रिकेट के सेमीफाइनल मुकाबले 20 सितंबर को प्रस्तावित हैं। पाकिस्तान की टीम दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से भिड़ेगी।

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम इस आठ टीमों वाली प्रतियोगिता की मौजूदा चैंपियन है। ऐसे में क्वार्टर फाइनल मुकाबले के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Read more

Local News