मुंबई: पंजाब हाल के दिनों में अपनी सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है. देश की कृषि भूमि कहे जाने वाला यह राज्य जलमग्न हो गया है. कई गांव और घर इस बाढ़ के चपेट में आए हैं. हजारों परिवार विस्थापित हो गए हैं. सड़कें, बिजली के तार और अन्य बुनियादी सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित होने के कारण राज्य ज्य लोगों और जानवरों, दोनों की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है. इस तबाही के बीच पंजाबी सेलिब्रेटी और बॉलीवुड सितारे मदद के लिए आगे हैं.
पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ, एमी विर्क, सोनू सूद समेत कई सेलेब्स पहले ही बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं और राहत सामग्री समेत छत देने की व्यवस्था में जुटे हुए हैं. वहीं, अब ‘पंजाब की बेटी’ शहनाज गिल भी मदद के लिए आगे आई हैं. शहनाज ने मुंबई से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राहत सामग्री भेजी हैं
सोशल मीडिया पर शहनाज गिल के नाम से पंजाब भेजी जा रही राहत सामग्री की तस्वीरें सामने आई हैं. वायरल तस्वीरों के अनुसार, पंजाब की बेटी शहनाज गिल ने गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के सहयोग से मुंबई से पंजाब में आवश्यक राहत सामग्री से भरी चार गाड़ियां भेजी हैं, जिससे विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित परिवारों को हार्दिक सहायता मिली है
विक्की कौशल
बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल ने पंजाब में बाढ़ के चपेट में आए लोगों के लिए प्रार्थना की हैं. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है, ‘पंजाब और उत्तरी भारत के अन्य इलाकों में जो कुछ हो रहा है, उसे देखते हुए स्क्रॉल कर रहा हूं. गांव बाढ़ में डूबे हैं, लोग परेशान हैं. मैं उन सभी के लिए दुआ करता हूं जो प्रभावित हैं. रब्ब मेहर बख्शे. कुछ रब दे बंदे जेदे पिंडाच जा जा के मदद कर पाए आ… ओन्हानु सलाम. मैं अपनी तरफ से मदद का प्रयास कर रहा हूं. प्रभावित इलाकों को दीर्घकालिक मदद की जरूरत होगी. हम इसमें साथ खड़े हैं.’

करीना कपूर
बॉलीवुड की बेबो ने भी बाढ़ पीड़ितों के लिए दुआ की है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा है, ‘मेरी प्रार्थनाएं उत्तर भारत में बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं. ईश्वर करे कि आपको जल्द से जल्द राहत और शक्ति मिले. बाढ़ ने लोगों की जान ले ली है, घर उजड़ गए हैं और आजीविका छिन गई है. जो लोग कर सकते हैं, कृपया विश्वसनीय राहत कोषों का समर्थन करें और स्थानीय सहायता प्रयासों में शामिल हों.’

कपिल शर्मा
कॉमेडियन-एक्टर कपिल ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर इस त्रासदी पर दुख प्रकट किया है. उन्होंने लिखा है, ‘अपने पंजाब को बाढ़ से जूझते देखकर दिल टूट गया है. मेरी प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं. हम हमेशा मुश्किल समय में साथ खड़े रहे हैं, और मुझे यकीन है कि प्यार और समर्थन से हम इस मुश्किल घड़ी से भी उबर जाएँगे। हिम्मत रखो, हम तुम्हारे साथ हैं.’
सोनम बाजवा
सोनम बाजवा ने इंस्टाग्राम पर पंजाब बाढ़ की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा है, इस कठिन समय में, मैं पंजाब और बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं. वहां से आ रही तस्वीरें और कहानियां वाकई दिल दहला देने वाली हैं, लेकिन जो चीज मुझे आशावान बनाए रखती है, वह है पंजाब की हमेशा दिखाई गई एकता और दृढ़ता की भावना.’

एक्ट्रेस ने आगे लिखा है, ‘मैं जमीनी स्तर पर बचाव दल के रूप में सक्रिय रूप से काम कर रहे संगठनों को दान देकर अपनी ओर से मदद कर रही हूं, और मैं आपसे भी विनम्रतापूर्वक आग्रह करती हूं कि आप भी अपना योगदान दें. हर योगदान, चाहे वह कितना भी छोटा क्यों न हो, किसी के जीवन में इस समय बड़ा बदलाव ला सकता है. आइए, इस कठिन समय में एकजुट होकर पंजाब के साथ खड़े हों.’ इनके अलावा आर. माधवन, नरगिस फाखरी ने पीड़ितों के लिए प्रार्थना की है.

पंजाब के हाल पर राज्य सरकार का बयान
पंजाब सरकार ने खराब मौसम और राज्य में बाढ़ जैसी स्थिति का हवाला देते हुए पंजाब कौशल विकास मिशन (पीएसडीएम) से जुड़े सभी 43 केंद्रों को 3 सितंबर तक बंद करने का आदेश दिया था. इस बीच, पंजाब के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री एस. हरदीप सिंह मुंडियन ने कहा कि बाढ़ से 12 जिलों में 2.56 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, हजारों लोग विस्थापित हुए हैं और जान-माल, फसलों और पशुधन को व्यापक नुकसान पहुंचा है.


