Thursday, March 26, 2026

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि खान एवं भू-तत्व विभाग चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 का राजस्व लक्ष्य प्राप्त करने की ओर है।

Share

पटना। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सह खान एवं भू-तत्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि खान एवं भूतत्व विभाग चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के अपने तय लक्ष्य को प्राप्त करने की ओर है। विभाग ने 3252 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह किया है।

इसके अलावा 400 करोड़ रुपये कार्य विभागों और 150 करोड़ रुपये घाटों से प्राप्त होंगे। जिससे तय लक्ष्य प्राप्त हो जाएगा। मंत्री बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में मीडिया से बात कर रहे थे।

10 से अधिक जिलों ने लक्ष्य से ज्यादा राजस्व संग्रह किया

उन्होंने दावा किया अब तक 10 से अधिक जिलों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व संग्रह किया है। उन्होंने कहा कि खनन विभाग ने 2021-22 में 1600 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह किया था।

2024-25 में राजस्व संग्रह में दोगुना की बढ़ोतरी हुई है और यह 3536 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस दौरान मंत्री सिन्हा ने 24 लोगों को बिहारी खनन योद्धा पुरस्कार से सम्मानित किया। इन्हें पुरस्कार के रूप में पांच हजार रुपये दिए गए।

पुरस्कार योजना के अंतर्गत विभाग की तरफ से अवैध खनन या ढुलाई में शामिल ट्रैक्टर को पकड़वाने पर यह पुरस्कार दिया जाता है। इससे पहले 12 मार्च को खनन योद्धा पुरस्कार के अंतर्गत 72 लोगों को पुरस्कृत किया गया था।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने चार वृहद खनन ब्लाक का टेंडर किया है। इसमें तीन ब्लाक रोहतास और एक गया में मौजूद हैं। रोहतास में ग्लूकोनाइट तथा गया में निकेल, क्रोमियम और प्लेटिनियम के खनिज पदार्थ हैं।

जिन्होंने घाट किए सरेंडर वे दोबारा टेंडर में नहीं हो सकेंगे शामिल

उप मुख्यमंत्री सिन्हा ने कहा है कि जिन बालू बंदोबस्तधारियों ने पहले हुई घाट नीलामी में भाग लिया और नीलाम में सफल भी रहे। इसके बावजूद उन्होंने घाट नहीं लिए और सरेंडर कर दिए उन्हें अब दोबारा घाट की होने वाली नीलामी में भाग लेने का मौका नहीं दिया जाएगा।

Read more

Local News