रांची: झारखंड के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब राज्य के होनहार खिलाड़ी रुद्रंश शर्मा ने नोएडा में आयोजित 11वीं नेशनल रैंकिंग स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता के पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. रुद्रंश की इस उपलब्धि से पूरे राज्य में खुशी और उत्साह का माहौल है. खेल प्रेमियों और स्केटिंग से जुड़े लोगों ने इसे झारखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है.
रुद्रंश शर्मा ने अपने नाम किया गोल्ड मेडल
राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 22 से 25 जून तक नोएडा में आयोजित की जा रही है. जिसमें देशभर के कई राज्यों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. ऐसे बड़े मंच पर रुद्रंश शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर यह साबित कर दिया कि झारखंड के खिलाड़ी अब स्केटिंग जैसे खेलों में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं.
झारखंड में स्केटिंग खेल का बढ़ता स्तर
प्रतियोगिता के पहले ही दिन मिली इस सफलता ने झारखंड रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के खिलाड़ियों और पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ा दिया है. रुद्रंश की जीत को राज्य में स्केटिंग खेल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है.
सभी पदाधिकारियों ने दी बधाई
रुद्रंश शर्मा की इस उपलब्धि पर रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह, सचिव सुमित शर्मा और कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता समेत सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें बधाई दी है. सभी ने उम्मीद जताई कि रुद्रंश भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करेंगे.
रुद्रंश शर्मा की यह उपलब्धि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह साबित किया है कि हमारे राज्य के खिलाड़ियों में किसी भी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता है. हमें विश्वास है कि आने वाले समय में झारखंड स्केटिंग के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा: विकास सिंह, अध्यक्ष, रोलर स्केटिंग एसोसिएशन
युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी यह जीत
जबकि सचिव सुमित शर्मा ने कहा कि राज्य में स्केटिंग को लगातार बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि रुद्रंश की जीत युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी.
खेल जगत में खुशी की लहर
रुद्रंश शर्मा की इस शानदार सफलता के बाद झारखंड के खेल जगत में खुशी की लहर है. खिलाड़ियों, कोच और अभिभावकों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में राज्य के और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड को नई पहचान दिलाएंगे.


