Wednesday, August 26, 2026

ईद मिलादुन्नबी जुलूस में रक्तदान का संदेश, जागरूकता पर्चे बांटकर लोगों से की अपील.

Share

रांची: ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को रांची के मेन रोड में निकले मुख्य जुलूस के दौरान सामाजिक सेवा और रक्तदान को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। लहू बोलेगा रक्तदान संगठन और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत करने के साथ रक्तदान के प्रति जागरूक किया।

उर्दू लाइब्रेरी के पास नगीना शू दुकान के समीप दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों के बीच खजूर, पानी, इत्र और बिस्कुट वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से रक्तदान से संबंधित जागरूकता पर्चे भी बांटे गए। हजारों पर्चों के माध्यम से लोगों से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान करने की अपील की गई। लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया।

मुख्य जुलूस के नेतृत्वकर्ताओं का स्वागत रक्तदान से जुड़े प्रतीक चिन्ह और शॉल देकर किया गया। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से मानव सेवा का संदेश लोगों तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम में लहू बोलेगा संगठन के संस्थापक एवं रक्तवीर नदीम खान के अलावा एस. अली, साजिद उमर, फराज अब्बास, ई. शाहनवाज अब्बास, मो. बब्बर, अकरम राशिद, जावेद खान, डॉ. दानिश रहमानी, फार्मासिस्ट मो. मुर्शिद, हमाद रईस समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता और रक्तदाता मौजूद रहे।

संगठन के संस्थापक नदीम खान ने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे। उनका कहना है कि जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने में सामाजिक भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Read more

Local News