Saturday, July 4, 2026

ईडी की भी होगी एंट्री- भ्रष्ट इंजीनियर की पत्नी बबली जाएगी जेल

Share

पटना में ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार राय के घर छापेमारी में मिले अधजले नोटों के मामले में उनकी पत्नी बबली राय भी मुश्किल में हैं। आर्थिक अपराध इकाई उन पर सरकारी काम में बाधा डालने और सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज कर सकती है। साथ ही सौ करोड़ की संपत्ति मिलने पर ईडी भी जांच कर सकती है

पटना। ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार राय के आवास पर हुई छापेमारी में बरामद अधजले नोटों मामले में उनकी पत्नी बबली राय को भी जेल जाना पड़ सकता है। आर्थिक अपराध इकाई इस मामले में अभियंता की पत्नी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, भारतीय मुद्रा को जलाने, साक्ष्य मिटाने आदि का मामला दर्ज कर कार्रवाई करेगी।

इसके साथ ही करीब सौ करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति मिलने के कारण प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की भी एंट्री हो सकती है।

ईओयू सूत्रों के अनुसार, छापेमारी दल को रोकने में अभियंता की पत्नी की ही मुख्य भूमिका रही है। उनके कारण ही छापेमारी दल को रात भर इंतजार करना पड़ा जिसके कारण आरोपितों को नोट जलाने का समय मिल गया। इसके पीछे पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने के साथ साक्ष्य मिटाने की भी मंशा है।

भारतीय मुद्रा को नुकसान पहुंचाना भी दंडनीय अपराध है। ऐसे में ईओयू बबली राय पर शिकंजा कसेगी। इस पूरे मामले में अधीक्षण अभियंता से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।

खासकर इतनी बड़ी राशि किस उद्देश्य से जमा की गई, इस पूरे खेल में और कौन-कौन लोग शमिल हैं, इन सबका जवाब भी ईओयू की टीम मांग रही है। अभी तक अधीक्षण अभियंता कुछ भी स्पष्ट बोलने से बच रहे हैं और बात घुमा-फिरा रहे हैं।

नगर निगम की टीम ने जाम पाइपलाइन से निकाले अधजले नोट:

अभियंता विनोद कुमार राय के घर के जाम टायलेट और पाइपलाइन में फंसे नोटों को निकालने के लिए नगर निगम की टीम दिनभर जुटी रही। घंटों की मशक्कत के बाद अधजले नोटों और दस्तावेजों को निकाला गया। ईओयू की टीम यह भी आकलन कर रही है कि जलाए गए नोट का मूल्य कितना है। अभी 500-500 रुपये के नोट ही बड़ी संख्या में मिले हैं। जले हुए नोटों में भी 500 के नोट ही ज्यादा हैं।

Read more

Local News