नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में इस सप्ताह (9 मार्च से 15 मार्च 2026) प्राथमिक बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिलने वाली है. निवेशकों के पास कमाई के एक नहीं बल्कि चार शानदार मौके होंगे. इस सप्ताह कुल चार कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च करने जा रही हैं, जिनमें तीन मेनबोर्ड सेगमेंट की बड़ी कंपनियां हैं और एक एसएमई सेगमेंट का इश्यू शामिल है. इन चारों इश्यू के जरिए कंपनियां बाजार से सामूहिक रूप से ₹6,613 करोड़ से अधिक की पूंजी जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही हैं.
Innovision Ltd: सर्विस सेक्टर में निवेश का मौका
सेवा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी Innovision Ltd का आईपीओ 10 मार्च को निवेश के लिए खुलेगा और निवेशक 12 मार्च तक इसमें आवेदन कर सकेंगे. कंपनी ने इसके लिए ₹521 से ₹548 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. ₹322.84 करोड़ के इस इश्यू में निवेश करने के लिए खुदरा निवेशकों को कम से कम एक लॉट (27 शेयर) खरीदना होगा, जिसकी न्यूनतम कीमत ₹14,796 तय की गई है. इस आईपीओ के जरिए कंपनी विस्तार के लिए ₹257 करोड़ के नए शेयर जारी कर रही है.
Rajputana Stainless: स्टील सेक्टर की नई पेशकश
स्टेनलेस स्टील उत्पादों के निर्माण में विशेषज्ञता रखने वाली कंपनी ‘राजपूताना स्टेनलेस’ का आईपीओ आज, 9 मार्च से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल चुका है. निवेशक 11 मार्च तक ₹116-₹122 के प्राइस बैंड पर दांव लगा सकते हैं. कंपनी कुल ₹254.98 करोड़ जुटाना चाहती है. रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश ₹13,420 (110 शेयर) रखा गया है. बाजार जानकारों का मानना है कि कंपनी के मजबूत वित्तीय आंकड़ों के कारण इसे निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल सकता है.
Raajmarg Infra Investment Trust: सप्ताह का सबसे बड़ा मेगा इश्यू
बुनियादी ढांचा क्षेत्र में रुचि रखने वाले निवेशकों के लिए ‘Raajmarg Infra Investment Trust’ का आईपीओ सबसे महत्वपूर्ण है. यह पूरी तरह से फ्रेश शेयरों पर आधारित ₹6,000 करोड़ का मेगा इश्यू है. यह 11 मार्च को खुलेगा और 13 मार्च को बंद होगा. कंपनी ने ₹99 से ₹100 का बेहद किफायती प्राइस बैंड रखा है. इस इश्यू का 75 प्रतिशत हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों के लिए आरक्षित किया गया है.
Apsis Aerocom: रक्षा क्षेत्र से जुड़ी छोटी पर दमदार पेशकश
एसएमई सेगमेंट में Apsis Aerocom का ₹35.77 करोड़ का आईपीओ 11 मार्च से खुलेगा. ₹104-₹110 के प्राइस बैंड वाली यह कंपनी रक्षा और एयरोस्पेस सेक्टर को कलपुर्जे सप्लाई करती है.
निवेशकों के लिए सलाह
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में सेकेंडरी मार्केट में उतार-चढ़ाव के बावजूद आईपीओ मार्केट में उत्साह बना हुआ है. हालांकि, किसी भी आईपीओ में पैसा लगाने से पहले निवेशकों को कंपनी के बिजनेस मॉडल, कर्ज की स्थिति और ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) का विश्लेषण जरूर करना चाहिए.


