Monday, July 6, 2026

इंस्पेक्टरों को सरकार ने दी खुशखबरी,बिहार पुलिस में अब जल्द होगा प्रमोशन

Share

बिहार पुलिस जल्द ही लंबित प्रमोशन के मामलों का निपटारा करेगी। पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए सैनिक स्कूल की तर्ज पर एक विशेष स्कूल खोला जाएगा जिसमें कम से कम एक हजार बच्चों को नामांकन मिलेगा। डीजीपी विनय कुमार की अध्यक्षता में पुलिस कल्याण कोष की बैठक में यह निर्णय लिया गया। पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि चुनाव घोषणा से पहले पदोन्नति देने का आश्वासन दिया गया है।

पटना। बिहार पुलिस में जल्द ही लंबित प्रोन्नति (Bihar Police Promotion) के मामले निबटाए जाएंगे। इसके अलावा, पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए सैनिक स्कूल की तर्ज पर विशेष स्कूल भी खोला जाएगा। पुलिस मुख्यालय में सोमवार को पुलिस कल्याण कोष की बैठक में पुलिस कल्याण के कई अहम निर्णय लिए गए।

  • डीजीपी विनय कुमार के नेतृत्व में हुई बैठक में एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन, एडीजी बजट एवं कल्याण कमल किशोर सिंह, एडीजी सीआइडी पारसनाथ, एडीजी ट्रैफिक सुधांशु कुमार सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
  • बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में पदोन्नति का मुद्दा उठाने पर डीजीपी एवं एडीजी ने चुनाव घोषणा के पहले सभी को पदोन्नति दिए जाने का आश्वासन दिया है।
  • उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए बनाए जाने वाले स्कूल में कम से कम एक हजार बच्चों को नामांकन देने की योजना है। यह निजी स्कूल की तरह अत्याधुनिक रहेगा।
  • यहां नामांकन योग्यता के आधार पर होगा। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के बच्चे भी इसका लाभ ले सकेंगे। डीजीपी स्कूल कमेटी के अध्यक्ष होंगे, जबकि पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महामंत्री सदस्य होंगे।

जितेंद्र कुमार को पुलिस महानिदेशक रैंक में मिली प्रोन्नति

दूसरी ओर, भारतीय पुलिस सेवा के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) से पुलिस महानिदेशक (डीजी) रैंक में प्रोन्नति दी गई है। यह प्रोन्नति एक अगस्त, 2025 से प्रभावी होगी। गृह विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

Read more

Local News