इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 8वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को अरुण जेटली स्टेडियम में 6 विकेट से मात दे दी है. समीर रिजवी ने एक बार फिर शानदार पारी खेली. उन्होंने 51 गेंद पर 90 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और उतने ही छक्के शामिल थे. खास बात ये है कि समीर उस समय बल्लेबाजी करने आए थे जब दिल्ली ने 7 के स्कोर पर अपने दो विकेट खो दी थी. ये टूर्नामेंट में किसी भी अनकैप्ड प्लेयर का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है.
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 7 के स्कोर पर अपने दो बड़े विकेट जल्दी खो दिए थे. केएल राहुल एक बार फिर स्कोर नहीं कर सके और एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि नितीश राणा बिना खाता खोले ही आउट हो गए. उसके बाद पाथुम निसांका और समीर ने पारी को संभाला. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी हुई. निसांका ने 30 गेंद में 44 रनों की शानदार पारी खेली.
उसके बाद बल्लेबाजी के लिए डेविड मिलर आए. उन्हें समीर के साथ 39 गेंद में 78 रनों की तेज साझेदारी की और मैच को दिल्ली के पाले में डाल दिया. लेकिन हैरानी की बात ये है कि उस साझेदारी में मिलर का योगदान केवल 11 रनों का है. जबकि समीर का योगदान 39 गेंद में 78 रन का है. लेकिन समीर 90 रन बनाकर आउट हो गए. जबकि मिलर 21 रन बनाकर नाबाद रहते हैं.
मुंबई की तरफ से बुमराह सबसे किफायती गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में केवल 21 रन ही खर्च किए. जबकि शार्दुल ठाकुर और कार्बन बॉश सबसे महंगे साबित हुए. शार्दुल ने 3 ओवर में 41 रन लुटाए और बॉश ने 3.1 ओवर में 39 रन खर्च किए.
इससे पहले दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और शानदार गेंदबाजी करके मुंबई को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया. मुंबई 20 ओवर में 162/6 का स्कोर ही बना सका. हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंद पर 51 रनों की अहम पारी खेली, लेकिन वो स्कोर को गति देने में असफल रहे. इसके आलावा रोहित शर्मा 26 गेंद में 35 और नमन धीर 21 गेंद में 28 रनों का योगदान दिया.
वहीं दिल्ली की तरफ से मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 3 ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए. जबकि कप्तान अक्षर पटेल सबसे किफायती गेदंबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में केवल 22 रन देकर एक विकेट हासिल किया.
सूर्या इम्पैक्ट प्लेयर से बने कप्तान
मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या बिमार होने की वजह से आज के मैच के लिए उपलब्ध नहीं थे. जिसकी वजह से सूर्यकुमार यादव को टीम का कप्तान बनाया गया. जो कि पिछले मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के रुप में खेले थे. इसके अलावा मुंबई ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए, दीपक चाहर को हार्दिक की जगह, कॉर्बन बॉश को ट्रेंट बोल्ट की जगह और मिशेल सेंटनर को गजनफर की जगह टीम में शामिल किया गया.
DC vs MI: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन): केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विप्रज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार.
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह.
DC vs MI हेड टू हेड
इस मैच से पहले अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 37 मैच खेले गए हैं. जिसमें मुंबई 21 मैच जीतकर दिल्ली पर भारी पड़ती हुई नजर आती है. वहीं दिल्ली ने 37 में से 16 मैच जीते हैं. जबकि दिल्ली में मेजबान टीम को 13 मैचों में 7-6 के रिकॉर्ड के साथ थोड़ा बढ़त हासिल है.


