Tuesday, May 26, 2026

इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल प्रतियोगिता में रांची यूनिवर्सिटी के दो छात्रों ने गोल्ड मेडल जीतकर यूनिवर्सिटी का नाम रोशन किया है.

Share

रांची: कम संसाधनों और कई चुनौतियों के बावजूद रांची विश्वविद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं. हाल ही में इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के दो छात्रों ने हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर न सिर्फ संस्थान, बल्कि पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है. लंबे समय बाद इस प्रतियोगिता में रांची विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है. जिससे विश्वविद्यालय परिसर और विशेष रूप से एनएसएस विभाग में खुशी का माहौल है.

रांची विश्वविद्यालय में वर्षों से जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न सांस्कृतिक और बौद्धिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया जाता रहा है. विश्वविद्यालय स्तर पर हर वर्ष कॉलेजों के बीच लगभग 28 विभिन्न इवेंट आयोजित किए जाते हैं. इन प्रतियोगिताओं में सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद, भाषण, संगीत, नृत्य, नाटक और अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल होती हैं. कॉलेज स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन विश्वविद्यालय टीम के लिए किया जाता है.

हिंदी वाद-विवाद में जीता मेडल

इसके बाद चयनित छात्र ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी कल्चरल इवेंट में हिस्सा लेते हैं. यहां से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिलता है. वर्ष 2026 सत्र में रांची विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया. लेकिन हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में मारवाड़ी कॉलेज के पन्ना राम तिवारी और योगदा सत्संग कॉलेज के आदित्य कुमार ने गोल्ड मेडल हासिल किया. दो छात्रों का गोल्ड मेडल जीतना सबसे बड़ी उपलब्धि बनकर सामने आई.

सफलता के पीछे कड़ी मेहनत है शामिल: एनएसएस विभाग

विश्वविद्यालय प्रशासन और एनएसएस विभाग के अनुसार, यह सफलता अचानक नहीं मिली. बल्कि इसके पीछे विद्यार्थियों की लगातार मेहनत, अभ्यास और शिक्षकों का मार्गदर्शन शामिल है. सीमित संसाधनों के बावजूद छात्र अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं. कई बार उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पाती, इसके बावजूद उनका आत्मविश्वास और प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है.

2027 प्रतियोगिता सत्र के लिए हो रही है अभी से तैयारी

एनएसएस कोऑर्डिनेटर ने बताया कि विश्वविद्यालय के छात्र लगातार मेहनत कर रहे हैं और यही मेहनत अब राष्ट्रीय मंच पर परिणाम दे रहा है. उन्होंने कहा कि आने वाले 2027 के लिए भी तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है. ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और अन्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन को लेकर विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जा रहा है.

रांची विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि छात्रों को सही मंच और अवसर मिले तो सीमित संसाधन भी उनकी सफलता की राह नहीं रोक सकते. राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने वाले इन विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के दम पर किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है.

Read more

Local News